आरोग्य दीप 3.0 के तहत मनोरोग विशेषज्ञ ने किया परामर्श और काउंसिलिंग
मिलपारा/रायगढ़ (सृजन न्यूज)। स्वास्थ्य विभाग के मार्गदर्शन में हिंडाल्को इंडस्ट्रीज लिमिटेड, गारे-पेलमा IV/4 कोल माइंस, बालजोर के सीएसआर के सहयोग तथा नवसृजन शिक्षा एवं जन सेवा समिति, रायगढ़ के आयोजन में संचालित स्वास्थ्य सशक्तिकरण श्रृंखला ‘आरोग्य दीप 3.0’ के अंतर्गत गुरुवार को मिलूपारा में विशेष मानसिक स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। शिविर में कुल 34 लोगों को लाभ मिला।
शिविर में मिलूपारा, कोडकेल, मड़वाडूमर, बाजीखोल, खर्रा और पेलमा सहित आसपास के गांवों से पहुंचे लोगों ने मनोरोग विशेषज्ञ डॉ. ओम पांडा से स्वास्थ्य संबंधी परामर्श एवं काउंसिलिंग प्राप्त की। इनमें 21 लोगों को चिकित्सकीय परामर्श तथा 13 लोगों को काउंसिलिंग प्रदान की गई। शिविर में अवसाद, चिंता और तनाव, मनोविकृति, मनोग्रसित बाध्यता विकार, श्रवण मतिभ्रम तथा अनिद्रा जैसी मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं पर परामर्श दिया गया। आवश्यकता के अनुसार मरीजों को दवाइयां उपलब्ध कराई गईं तथा कुछ लोगों को आगे की चिकित्सा एवं थेरेपी लेने की सलाह भी दी गई।
इस अवसर पर हिंडाल्को सीएसआर की ओर से आंचल चौहान तथा नवसृजन शिक्षा एवं जन सेवा समिति की ओर से किशोर पटनायक, दुर्गा शंकर नायक, संतोषी मेहर, भंजनी गुप्ता एवं श्रीमती संतोषी सिदार उपस्थित रहे। शिविर के सफल आयोजन में मिलूपारा के सरपंच उद्धव राम, फरस राम, गांव की मितानिनों एवं ग्रामीणों ने महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया।
कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना, लोगों को विशेषज्ञ परामर्श उपलब्ध कराना तथा मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के समय पर उपचार के लिए प्रोत्साहित करना है। आयोजकों ने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य भी शारीरिक स्वास्थ्य जितना ही महत्वपूर्ण है और इसके प्रति जागरूकता एवं समय पर उपचार स्वस्थ समाज के निर्माण में अहम भूमिका निभाते हैं।








