30 प्रतिष्ठित कंपनियों में 870 से ज्यादा पदों के में भर्ती के लिए हुआ इंटरव्यू
रायगढ़ (सृजन न्यूज)। उत्तम मेमोरियल कॉलेज पटेलपाली में आयोजित मेगा ओपन प्लेसमेंट कैंप ने रोजगार के क्षेत्र में एक नई मिसाल कायम की। जिले सहित पूरे छत्तीसगढ़ एवं सीमावर्ती राज्य ओडिशा से लगभग 1500 से अधिक युवाओं ने इस विशाल रोजगार कैम्प में भाग लेकर अपने उज्ज्वल भविष्य की दिशा में मजबूत कदम बढ़ाए। कार्यक्रम में 30 प्रतिष्ठित कंपनियों में एनआर इस्पात, एमएसपी, जगदंबा ट्रेलर्स, श्रीराम फाइनेंस, बीएस स्पंज, एसबीआई लाइफ जैसे कम्पनियों ने हिस्सा लिया, जहां 870 से अधिक पदों पर भर्ती हेतु इंटरव्यू प्रक्रिया संपन्न की गई।
यह आयोजन प्रो. डॉ. विनय चौहान (कुलपति, शहीद नंदकुमार पटेल विश्वविद्यालय रायगढ़) के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में गेस्ट ऑफ ऑनर के रूप में डॉ. तरुणधर दीवान (कुलसचिव, शहीद नंदकुमार पटेल विश्वविद्यालय रायगढ़) रहे। वहीं अति विशिष्ट अतिथि के रूप में कांतिलाल जैन (प्रदेश संयोजक शिक्षा प्रकोष्ठ बीजेपी छत्तीसगढ़) एवं विशिष्ट अतिथि जय कुमार मिश्रा (बिलासपुर संभाग प्रभारी शिक्षा प्रकोष्ठ बीजेपी) ने कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई। इसके साथ ही अरुणधर दीवान (जिलाध्यक्ष बीजेपी रायगढ़) एवं रत्थूलाल गुप्ता (पूर्व जिला मंत्री बीजेपी रायगढ़) की विशेष उपस्थिति रही।
सुबह से ही कॉलेज परिसर में युवाओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। स्नातक, स्नातकोत्तर, डिप्लोमा, आईटीआई एवं तकनीकी शिक्षा प्राप्त अभ्यर्थियों ने विभिन्न कंपनियों में इंटरव्यू देकर रोजगार पाने का अवसर प्राप्त किया। चयन प्रक्रिया पूरी तरह इंटरव्यू एवं योग्यता के आधार पर संपन्न हुई। स्वागत उद्बोधन महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ गोमती सिंह ने किया। मुख्य अतिथि प्रो. डॉ. विनय चौहान ने उत्तम मेमोरियल कॉलेज द्वारा आयोजित इस विशाल प्लेसमेंट कैंप की मुक्त कंठ से सराहना करते हुए कहा कि वर्तमान समय में शिक्षा के साथ रोजगार उपलब्ध कराना सबसे बड़ी आवश्यकता बन चुकी है और कॉलेज इस दिशा में सराहनीय कार्य कर रहा है। उन्होंने भविष्य में विश्वविद्यालय स्तर पर भी इस प्रकार के बड़े रोजगारपरक आयोजन कराने की इच्छा व्यक्त की।
गेस्ट ऑफ ऑनर डॉ. तरुणधर दीवान ने युवाओं को मंच प्रदान करने के लिए कॉलेज प्रबंधन की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन युवाओं को अपने कौशल और प्रतिभा को प्रदर्शित करने का अवसर देते हैं, साथ ही उन्हें आत्मनिर्भर बनने की दिशा में प्रेरित करते हैं। वहीं विशिष्ट अतिथि जयकुमार मिश्रा ने कहा कि इस प्रकार के रोजगारपूरक आयोजन समाज में विकास लाने में महत्वपूर्ण योगदान प्रदान करेंगे। उन्होंने कहा कि जब युवाओं को स्थानीय स्तर पर ही रोजगार के अवसर मिलते हैं तो इससे न केवल बेरोजगारी कम होती है, बल्कि सामाजिक एवं आर्थिक विकास को भी गति मिलती है।
कॉलेज के चेयरमैन गौतम चौधरी ने कहा कि संस्था का उद्देश्य केवल शिक्षा प्रदान करना नहीं, बल्कि युवाओं को रोजगार से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाना भी है। उन्होंने अतिथियों, कंपनियों, प्रतिभागियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संस्था भविष्य में भी युवाओं के हित में ऐसे रोजगारपूरक आयोजनों का सिलसिला लगातार जारी रखेगी। उत्तम प्लेसमेंट कैंप के सफल आयोजन से पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला और इसे युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल माना जा रहा है। कार्यक्रम को सफल बनाने में उत्तम मेमोरियल कॉलेज, उत्तम इंटरनेशनल स्कूल, अनंत कॉलेज और मां दर्शन कॉलेज रायगढ़ के सदस्यों का विशेष योगदान रहा।








