रोजगार का सुनहरा अवसर : 423 पदों पर होगी सीधी भर्ती, 25 हजार तक मिलेगा वेतन

by SUNIL NAMDEO
0 comments

सारंगढ़–बिलाईगढ़ (सृजन न्यूज)। छत्तीसगढ़ सरकार के विशेष निर्देशों एवं जिला प्रशासन सारंगढ़-बिलाईगढ़ द्वारा स्थानीय शिक्षित युवाओं को स्वावलंबी बनाने की दिशा में एक बड़ी पहल की जा रही है। जिला प्रशासन द्वारा 11 सितम्बर 2026 को एक दिवसीय “जिला स्तरीय रोजगार मेले” का भव्य आयोजन किया जा रहा है।
कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार विभाग के मंत्री के दिशा-निर्देशों तथा कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू के कुशल मार्गदर्शन में आयोजित इस मेले का मुख्य उद्देश्य जिले के स्थानीय युवाओं को उनकी शैक्षणिक योग्यता के अनुसार सम्मानजनक रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है। जिला प्रशासन ने मेले के सफल संचालन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली हैं।

rl
previous arrow
next arrow

विभिन्न सेक्टर की प्रतिष्ठित कंपनियां लेंगी हिस्सा

balaji
previous arrow
next arrow

इस जिला स्तरीय रोजगार मेले में निजी क्षेत्र की कई नामी-गिरामी कंपनियां भाग ले रही हैं, जो कुल 423 विभिन्न रिक्त पदों पर युवाओं का चयन करेंगी। इसमें 10वीं, 12वीं, आईटीआई तथा स्नातक (ग्रेजुएट) उत्तीर्ण अभ्यर्थियों के लिए रोजगार के कई आकर्षक विकल्प मौजूद हैं। कंपनियों, रिक्त पदों एवं मानदेय का पूर्ण विवरण: इस रोजगार मेले में निजी क्षेत्र के स्वतंत्र माइक्रोफिन प्रायवेट लिमिटेड (लोचन नगर, रायगढ़) द्वारा 10वीं उत्तीर्ण अभ्यर्थियों के लिए फील्ड आफिसर के 30 पद और कलेक्शन आफिसर के 10 पदों पर भर्ती की जाएगी। चयन होने वाले अभ्यर्थियों को 10,000 रुपए से 12,200 रुपए प्रतिमाह वेतनमान दिया जाएगा। इनका कार्यक्षेत्र सरिया, सारंगढ़, सकती, रायगढ़, घरघोड़ा एवं बसना क्षेत्र रहेगा। इसमें महिला एवं पुरुष दोनों पात्र हैं। वेदांता स्कील स्कूल – लर्नेट स्कील लिमिटेड (बालको, कोरबा) संस्थान में 10वीं व 12वीं उत्तीर्ण युवाओं के लिए होटल मेनेजमेंट के 40 पद (मानदेय 10,000 से 15,000) रुपए तथा 10वीं पास अभ्यर्थियों के लिए वेल्डर के 23 पद (मानदेय 15,000 से 20,000) रुपए रिक्त हैं। वेल्डर पद हेतु छत्तीसगढ़ एवं मध्य प्रदेश के पुरुष अभ्यर्थी पात्र होंगे। एनआईआईटी लिमिटेड (स्मृति नगर, भिलाई) स्थित इस प्रमुख संस्थान द्वारा बैंकिंग क्षेत्र में करियर बनाने के इच्छुक स्नातक उत्तीर्ण अभ्यर्थियों के लिए आईसीआईसीआई बैंक (रिलेशनशिप मेनेजर) के 20 पदों पर भर्ती की जाएगी। इस पद के लिए चयनित युवाओं को 21,000 से 25,000 रूपए प्रतिमाह तक का आकर्षक वेतनमान दिया जाएगा। इसी प्रकार मेसर्स परिश्रम रिसोर्स प्रायवेट लिमिटेड (गुरूग्राम) संस्थान द्वारा तकनीकी एवं गैर-तकनीकी क्षेत्र के युवाओं के लिए मीटर इन्स्टालर के सर्वाधिक 300 पदों पर सीधी भर्ती की जाएगी। इसके लिए शैक्षणिक योग्यता 10वीं, 12वीं अथवा आईटीआई निर्धारित की गई है। चयनित अभ्यर्थियों को 19,000 रुपए प्रतिमाह मानदेय दिया जाएगा।

आवश्यक दस्तावेज और जिला प्रशासन की अपील

रोजगार मेले में सम्मिलित होने वाले इच्छुक अभ्यर्थियों को अपने समस्त मूल शैक्षणिक प्रमाण पत्र, पहचान पत्र (आधार कार्ड), निवास प्रमाण पत्र, पासपोर्ट साइज फोटो एवं बायोडाटा की मूल एवं छायाप्रति के साथ निर्धारित समय पर उपस्थित होना होगा। जिला प्रशासन ने सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के समस्त पात्र एवं योग्य युवाओं से अपील करते हुए कहा कि वे इस रोजगार मेले में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर शासन की इस जनकल्याणकारी योजना का लाभ उठा सकते हैं।

Related Posts