नशे के अंतरराज्यीय गिरोह का सदस्य पकड़ाया, जीआरपी की कार्रवाई
रायगढ़ (सृजन न्यूज)। रायगढ़ की जीआरपी ने नशे के एक ऐसे सौदागर को अपने शिकंजे में जकड़ा है, जो अंतरराज्यीय गिरोह का सदस्य है। रेलवे पुलिस ने प्लेटफार्म में 4 लाख का गांजा लेकर बैठे ओडिशा के युवक को मयमाल गिरफ्तार करते हुए उसे कानूनी पचड़े में फंसाया है।
पुलिस अधीक्षक रेल रायपुर दिव्यांग पटेल के निर्देशन एवं उप पुलिस अधीक्षक रेल बिलासपुर तोबियस खाखा के मार्गदर्शन में रेल्वे क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी एवं परिवहन पर प्रभावी अंकुश लगाते हुए मुखबीर सूचना पर रेल्वे स्टेशन रायगढ़ प्लेटफार्म नंबर 2- 3 में आरोपी बिनोद बाघ पिता निरंजन बाघ, उम्र (27 वर्ष, ग्राम बंधबहाल, थाना बांधरपाली, जिला झारसुगड़ा) के कब्जे से 8.160 किलोग्राम मादक पदार्थ गांजा कीमती 4,00,000 रूपये का विधिवत जप्त कर आरोपी के विरूद्ध विधिवत कार्यवाही करते हुए धारा 20 बी एनडीपीएस एक्ट कायम कर विवेचना में लिया गया है। प्रकरण में वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशानुसार इंड टू इंड कार्यवाही करते हुए आरोपी बिनोद बाघ को गांजा बिकी करने वाले अश्वनी राणा को गिरफ्तार कर प्रकरण में इंड टू इंड कार्यवाही किया गया है। प्रकरण में जीआरपी रायगढ़ द्वारा न केवल गांजा के साथ परिवहनकर्ता को पकड़ा गया, बल्कि मादक पदार्थ की सप्लाई करने वाले व्यक्ति तक पहुंचकर पूरे गांजा सप्लाई नेटवर्क के विरूद्ध प्रभावी कार्यवाही की गई है।
इस कार्यवाही में जीआरपी थाना रायगढ़ के थाना प्रभारी निरीक्षक आरके बोर्झा, आरपीएफ पोस्ट प्रभारी निरीक्षक कुलदीप कुमार, आरक्षक अवधेश मिश्रा, सरोज कुमार साव, रोहित कुमार साहू की महत्वपूर्ण भूमिका रही।








