रामलीला मैदान के समीप यादव निवास में शाम को होगा मंगलपाठ
रायगढ़ (सृजन न्यूज)। शहर के प्रतिष्ठित होटल व्यवसायी रहे स्व. वशिष्ठ यादव की 22 वीं पुण्यतिथि पर यादव परिवार द्वारा सत्तीगुड़ी चौक, रायगढ़ में 14 जून के अपरान्ह साढ़े 11 बजे शरबत वितरण और शाम को मंगलपाठ का आयोजन होगा।
दिवंगत वशिष्ठ यादव के सुपुत्र और कांग्रेस नेता शाखा यादव ने बताया कि अविभाजित मध्यप्रदेश में शहर के सत्तीगुड़ी चौक में संचालित वशिष्ठ होटल के संचालक और उनके पिता वशिष्ठ यादव की 14 जून को 22वीं पुण्यतिथि है। चूंकि, स्व. वशिष्ठ यादव हमेशा गरीबों के दुख-दर्द में साथ देते हुए समाजसेवा कार्य मे अग्रणी रहा करते थे, इसलिए उनकी पुण्यतिथि पर यादव परिवार द्वारा सत्तीगुड़ी चौक में रविवार अपरान्ह साढ़े 11 बजे शरबत वितरण किया जाएगा, ताकि आग उगलती गर्मी की मार झेल रहे राहगीरों के कंठ तृप्त हो सके। वहीं, शाम 5 बजे रामलीला मैदान के समीप यादव निवास में मंगल पाठ का धार्मिक कार्यक्रम भी रखा गया है।
जिला कांग्रेस के शहर अध्यक्ष शाखा यादव, वार्ड क्रमांक 14 की पार्षद श्रीमती अनुपमा यादव, पूर्व पार्षद निशा यादव, फुटबाल खिलाड़ी अरुण यादव, शशि और अमर यादव सहित यादव परिवार ने दिवंगत वशिष्ठ यादव की पुण्यतिथि पर आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होने की अपील की है।







