अनु और अर्पिता प्रथम ओपन इंटरनेशनल ताइक्वांडो चैंपियनशिप में दिखाएंगी दम
रायगढ़ (सृजन न्यूज)। जिले के लिए गर्व और हर्ष का विषय है कि आयकर अधिवक्ता संतोष कुमार आदित्य की सुपुत्रियाँ कु. अनु आदित्य और कु. अर्पिता आदित्य का चयन नेपाल के पोखरा में 12 से 18 जून 2026 तक आयोजित होने वाली प्रथम ओपन इंटरनेशनल ताइक्वांडो चैंपियनशिप के लिए हुआ है।
दोनों प्रतिभाशाली बेटियों ने अपनी कड़ी मेहनत, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण के बल पर यह महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में चयनित होकर वे न केवल अपने परिवार, बल्कि पूरे क्षेत्र, समाज और देश का प्रतिनिधित्व करेंगी। इस उपलब्धि से आदित्य परिवार में हर्ष का माहौल है। खेल प्रेमियों और क्षेत्रवासियों ने दोनों बेटियों को शुभकामनाएँ देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
समाज के वरिष्ठजनों ने कहा की बेटियाँ हर क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित कर रही हैं। अनु आदित्य तथा अर्पिता आदित्य की यह सफलता अन्य युवाओं के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी। आदित्य परिवार को विश्वास है कि वे अंतरराष्ट्रीय मंच पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर भारत का तिरंगा गौरव के साथ लहराएँगी और क्षेत्र का नाम रोशन करेंगी।







