रायगढ़ (सृजन न्यूज)। जिले के ग्राम बुलांकी में स्थित उर्मी-मंगल भवन में 3 दिवसीय जीवन विद्या जनसंवाद गोष्ठी का आयोजन अभ्युदय संस्थान अछोटी के प्रबोधक पूनम साहू और बसंत साहू, प्रणेता ए. नागराज ‘मध्यस्थ-दर्शन’ के मार्गदर्शन में किया गया।
40 से 42 डिग्री तापमान में भी 25 मई से 27 मई तक चले इस कार्यक्रम में क्षेत्र के अभिभावकों, बच्चों, शिक्षकों और गणमान्य नागरिकों के रूप में लगभग 65 व्यक्ति प्रतिदिन बढ़-चढ़कर हिस्सा लिये। इस गोष्ठी का मुख्य उद्देश्य समाज में मानवीय चेतना और सही समझ का विकास करना था। चर्चा के दौरान कई बिंदुओं पर विशेष जोर दिया गया। जैसाकि चेतना विकास के माध्यम से शिक्षा के स्तर को सुधारना। बच्चों में सही संस्कारों के बीजारोपण और उनके सर्वांगीण विकास पर मार्गदर्शन। परिवार के भीतर संबंधों को बेहतर ढंग से निभाने और जीने की कला। समाज में परस्पर विश्वास, सहयोग और प्रेम की भावना को सुदृढ़ करना।
कार्यक्रम का आयोजन अध्ययनशील परिवार समूह, रायगढ़ और मानवीय जागृति सेवा संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। आयोजकों ने बताया कि इस तरह के संवाद आज के समय की बड़ी आवश्यकता है, ताकि हम एक समझदार और सुखद समाज का निर्माण कर सकें। कार्यक्रम प्रतिदिन सुबह 9 से शाम 5 बजे तक संचालित हुआ, इन्हीं दिनों ग्राम जतरी और ग्राम मिड़मिड़ा में रात्रिकालीन जन संवाद गोष्ठी में प्रतिभागियों ने गहन विमर्श और प्रश्न-उत्तर सत्रों के माध्यम से जीवन की बारीकियों को समझा।








