विधायक उमेश पटेल ने वरिष्ठ कांग्रेस नेता को दी श्रद्धांजलि
रायगढ़ (सृजन न्यूज)। जिला पंचायत के पूर्व अध्यक्ष और शहीद नंदकुमार पटेल के बेहद ही करीबी ग्राम धनागर निवासी निराकार पटेल का 26 मई कक दोपहर निधन हो गया। 67 वर्षीय वरिष्ठ कांग्रेस नेता पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ थे। वे अपने पीछे पुत्र पदमनारायण, भाई प्रभुलाल सहित पत्नी, पुत्री, नाती-पोतों से भरे पूरे परिवार को रोते बिलखते छोड़ गए।
निराकार पटेल के निधन से कांग्रेस परिवार बल्कि अखिल भारतीय अघरिया समाज, उनके जिला पंचायत क्षेत्र, ग्राम धनागर व अंचल सहित रायगढ़ जिले में शोक की लहर व्याप्त है। निराकार पटेल के निधन की खबर लगते ही खरसिया विधायक उमेश पटेल ने धनागर पहुंच कर श्रद्धासुमन अर्पित किया। वहीं उनके अंतिम संस्कार में शामिल शताधिक लोगों ने नम आंखों से उन्हें नमन किया।
दिवंगत निराकार पटेल शहीद नंदकुमार पटेल व नंदेली परिवार के करीबी विश्वस्थ सदस्यों में शामिल थे। नंदकुमार पटेल और निराकार पटेल दोनों ने अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत अपने-अपने ग्राम पंचायत के निर्विरोध सरपंच बनकर की। दोनों ने एक साथ ग्राम पंचायत से अपने सियासी सफर में काफी उतार चढ़ाव भी देखे। नंदकुमार पटेल सरपंच से लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और मध्यप्रदेश तथा छत्तीसगढ़ के मंत्री बने तो निराकार पटेल ने जिला पंचायत सदस्य और अध्यक्ष बनने के साथ कांग्रेस में भी विभिन्न दायित्वों को निभाया।








