सेवांजली ने दो संस्थानों को भेंट किए वाटर फिल्टर और वाटर कूलर
रायगढ़ (सृजन न्यूज)। सामाजिक सेवा केवल औपचारिकता या गतिविधि नहीं, बल्कि संस्कारों से उपजा वह स्वाभाविक भाव है, जो मानवीय संवेदनाओं को सामाजिक जिम्मेदारी में बदल देता है। सेवा का यह भाव किसी वर्ग, समुदाय या स्थान की सीमाओं में बंधा नहीं होता, बल्कि जरूरतमंदों की आवश्यकताओं और सुविधाओं को ध्यान में रखकर निरंतर कार्य करने की प्रेरणा देता है। इसी सेवा भावना को साकार करते हुए डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेटर लीनस सुमिता पांडेय के मार्गदर्शन में लीनेस क्लब ‘सेवांजली’ रायगढ़ लगातार समाज के वृद्धजनों, गरीब एवं उपेक्षित वर्ग, पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य, शिक्षा और महिला सशक्तीकरण जैसे क्षेत्रों में लगातार सक्रिय भूमिका निभा रहा है।
मिलनी क्लब में शुद्ध पेयजल की सुविधा :
इसी सेवा अभियान के अंतर्गत सेवांजली क्लब ने रायगढ़ स्थित मिलनी क्लब में शुद्ध पेयजल की आवश्यकता को देखते हुए वाटर फिल्टर एवं वाटर कूलर स्थापित कर उनका लोकार्पण किया। इस पहल से मिलनी क्लब में आयोजित होने वाले धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों में लोगों को शुद्ध एवं शीतल पेयजल उपलब्ध हो सकेगा। विशेष रूप से आगामी दुर्गा पूजा सहित विभिन्न आयोजनों में यह सुविधा उपस्थित लोगों के लिए उपयोगी सिद्ध होगी।
‘उम्मीद’ संस्था में सेवा और संवेदना का अनूठा संगम :
सेवांजली क्लब ने नवरात्रि के पावन अवसर पर कौहाकुंडा, रायगढ़ स्थित मूक, बधिर एवं विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के लिए संचालित संस्था ‘उम्मीद’ में भी सेवा और आत्मीयता का परिचय दिया। क्लब की सदस्याओं ने संस्था के बच्चों के साथ समय बिताकर उनके प्रति स्नेह और संवेदनशीलता व्यक्त की। संस्था में शुद्ध पेयजल की आवश्यकता को पूरा करने के उद्देश्य से वाटर फिल्टर एवं वाटर कूलर स्थापित कर उनका लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर बच्चों को शाम के नाश्ते के रूप में समोसा, नमकीन, मिठाई, बिस्किट एवं फल वितरित किए गए। कार्यक्रम का उद्देश्य केवल आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना ही नहीं, बल्कि विशेष बच्चों के साथ आत्मीयता साझा करना और उन्हें समाज की सामूहिक संवेदना से जोड़ना भी रहा। डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेटर लीनस सुमिता पांडेय ने संस्था की अधीक्षिका को आश्वस्त किया कि संस्था को भविष्य में किसी भी आकस्मिक आवश्यकता पर सेवांजली क्लब सहयोग के लिए सदैव तत्पर रहेगा। उनका यह आश्वासन संस्था के प्रति क्लब की निरंतर सेवा प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
सेवा कार्यों में क्लब की सदस्याओं की सक्रिय सहभागिता :
इन दोनों सेवा कार्यों को सफल बनाने में सेवांजली क्लब की सदस्याओं का सराहनीय सहयोग रहा। कार्यक्रम में मुख्य रूप से डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेटर सुमिता पांडेय, अध्यक्ष प्रतिभा सिंह, सचिव रजनी मिश्रा, कोषाध्यक्ष निशात अली, सुधा मिश्रा, ममता चौहान, कावेरी शुक्ला, प्रिया पांडेय, पूनम तिवारी, राजश्री शुक्ला, रीता श्रीवास्तव, चंचला सिंह, अर्चना मिश्रा एवं लता बघेल की उपस्थिति रही।








