जशपुरनगर (सृजन न्यूज)। जशपुर वनमण्डल अंतर्गत कुनकुरी वन परिक्षेत्र में 11 अक्टूबर को हाथी के विचरण की जानकारी प्राप्त हुई है। यह हाथी ढोंगाअम्बा बीट से सरसपुर, रजैटी एवं लोटापानी होते हुए धुमांडाड (नवाटोली) पहुंचा। हाथी अलसुबह लगभग 5:30 बजे धुमांडाड (नवाटोली) स्थित चर्च परिसर में प्रवेश कर गया था।
वर्तमान में यह हाथी रेमते के जंगल में विचरण कर रहा है। हाथी की गतिविधियों पर नजर रखने एवं क्षेत्र में जन-सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से वन विभाग की टीम मौके पर है। विभागीय अमला फिलहाल हाथी की निरंतर मॉनिटरिंग करते हुए उसकी गतिविधियों पर सतत निगरानी रख रही है। वन विभाग द्वारा हाथी की उपस्थिति को ध्यान में रखते हुए संबंधित क्षेत्र के ग्रामीणों से सतर्कता बरतने की अपील की गई है। वहीं, नागरिकों से अनुरोध है कि वे हाथी के संभावित विचरण क्षेत्र एवं आसपास के जंगलों में अनावश्यक रूप से प्रवेश न करें तथा हाथी की उपस्थिति की जानकारी मिलने पर सुरक्षित दूरी बनाए रखें।
वन विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे उक्त हाथी के नजदीक न जाएं और न ही उसे देखने के लिए भीड़ एकत्रित करें। हाथी को घेरने, भगाने, परेशान करने अथवा किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ करने का प्रयास न करें। हाथी के नजदीक जाने से जान-माल की हानि होने की आशंका बनी रहती है। अतः स्वयं की सुरक्षा एवं अन्य लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए हाथी से पर्याप्त दूरी बनाए रखें। वन विभाग द्वारा स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। आम नागरिकों से अनुरोध है कि वे विभागीय अमले को आवश्यक सहयोग प्रदान करें तथा वन विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। वन विभाग द्वारा आमजन से अपील की जाती है कि घटना के संबंध में किसी भी प्रकार की अपुष्ट जानकारी अथवा अफवाहों पर विश्वास न करें और न ही उन्हें प्रसारित करें।








