रायगढ़ (सृजन न्यूज)। मध्यप्रदेश के पचमढ़ी में आयोजित अखिल भारतीय नृत्य और संगीत प्रतियोगिता एवं महोत्सव नर्मदोत्सव मधु गुंजन – 2026 में ओ.पी. जिंदल विद्यालय, तराईमाल, रायगढ़ के विद्यार्थियों ने दो प्रमुख विधाओं में प्रथम स्थान प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया।
इस राष्ट्रीय स्तरीय महोत्सव में देश के विभिन्न राज्यों के विद्यालयों और सांस्कृतिक संस्थाओं ने भाग लिया था। प्रतियोगिता में शास्त्रीय नृत्य, लोक नृत्य, पाश्चात्य नृत्य, गायन, अर्ध-शास्त्रीय नृत्य और वाद्य यंत्र प्रतियोगिता के वर्ग रखे गए थे। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच ओपी जिंदल विद्यालय, तराईमाल, रायगढ़ के विद्यार्थियों ने अपनी उत्कृष्ट प्रस्तुति से निर्णायक मंडल का मन मोह लिया। विद्यालय ने समूह गान प्रतियोगिता और लोक समूह नृत्य प्रतियोगिता, दोनों में प्रथम स्थान अर्जित किया।
प्रतियोगिता के पश्चात विजेता विद्यार्थियों को मुख्य मंच पर विजय चिह्न और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। निर्णायक मंडल ने विशेष रूप से विद्यार्थियों की लयबद्धता, पारंपरिक वेशभूषा, मंच समन्वय और आत्मविश्वास की सराहना की।
इस उपलब्धि पर विद्यालय की प्राचार्या अलका गोडबोले ने कहा कियह सफलता विद्यार्थियों के निरंतर अभ्यास, अनुशासन और शिक्षकों के समर्पित मार्गदर्शन का परिणाम है। हमारे बच्चे पढ़ाई के साथ-साथ सांस्कृतिक गतिविधियों में भी अव्वल हैं, यह हमारे लिए गर्व की बात है। प्राचार्या ने विजेता विद्यार्थियों, संगीत विभाग और नृत्य विभाग को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।








