इनर व्हील क्लब ने शिक्षक दिवस पर नटवर स्कूल में किया गुरुजनों का सम्मान
रायगढ़ (सृजन न्यूज)। शिक्षक दिवस पर शहर के नटवर स्कूल में गुरुजनों के सम्मान में एक गरिमामय कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर इनर व्हील क्लब, रायगढ़ की ओर से विद्यालय के शिक्षकों को उनके उत्कृष्ट योगदान, समर्पण एवं विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में निभाई जा रही महत्वपूर्ण भूमिका के लिए सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा गया कि शिक्षक केवल विद्यार्थियों को शिक्षा प्रदान करने का कार्य नहीं करते, बल्कि वे उनके व्यक्तित्व, संस्कार एवं चरित्र निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। एक अच्छे शिक्षक का मार्गदर्शन विद्यार्थी के पूरे जीवन को नई दिशा प्रदान करता है।
इस अवसर पर शिक्षकों को सम्मान स्वरूप स्मृति चिन्ह एवं उपहार भेंट किए गए। सम्मान पाकर शिक्षकों ने प्रसन्नता व्यक्त की और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर समर्पण के साथ कार्य करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में इनर व्हील क्लब, रायगढ़ की अध्यक्ष अनिता अग्रवाल, सचिव बिंदिया मोदी, ज्योति अग्रवाल, सरोज अग्रवाल, राखी सोंथालिया, मनीषा अग्रवाल, हेमलता अग्रवाल, वीणा अग्रवाल, राधा रानी अग्रवाल एवं शिल्पी अग्रवाल सहित क्लब की सदस्याएं उपस्थित रहीं।








