रायगढ़ (सृजन न्यूज)। शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था (आईटीआई) रायगढ़ में 7 सितंबर को प्रातः 10 बजे से रोजगार मेला आयोजित किया जाएगा। रोजगार मेले में विभिन्न कंपनियों द्वारा अलग-अलग पदों पर भर्ती की जाएगी।
आईटीआई से प्राप्त जानकारी के अनुसार शार्मिन टैलेंट प्राइवेट लिमिटेड द्वारा जीनस पावर इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड के लिए फील्ड टेक्नीशियन के 250 पदों पर भर्ती की जाएगी। इसके लिए आईटीआई इलेक्ट्रीशियन, इलेक्ट्रॉनिक्स, वायरमैन अथवा फिटर ट्रेड उत्तीर्ण पुरुष अभ्यर्थी पात्र होंगे। अभ्यर्थी के पास मोटर साइकिल एवं ड्राइविंग लाइसेंस होना आवश्यक है। वेतन 15,100 रुपये प्रतिमाह से अधिक तथा यात्रा भत्ता दिया जाएगा। वहीं ऑटो सेंटर रायगढ़ (महिंद्रा शोरूम) में कुल 62 पदों पर भर्ती होगी। इसमें टेक्नीशियन के 15, फ्लोर सुपरवाइजर के 4, इलेक्ट्रीशियन के 2, सर्विस एडवाइजर के 5, वारंटी इंचार्ज के 2, ड्राइवर के 5, पीडीआई इंचार्ज के 5, पार्ट्स पिकर के 5, कस्टमर एक्सपीरियंस मैनेजर के 2, सेल्स कंसल्टेंट के 15 तथा फ्लोर सुपरवाइजर के 2 पद शामिल हैं।
बहरहाल, इन पदों के लिए संबंधित आईटीआई ट्रेड, डिप्लोमा, डिग्री अथवा स्नातक योग्यता निर्धारित की गई है। वेतन 10 हजार से 15 हजार रुपये प्रतिमाह तक रहेगा। रोजगार मेले में कुल 312 पदों पर युवाओं को रोजगार का अवसर मिलेगा। इच्छुक अभ्यर्थी 7 सितंबर को शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था, बोईरदादर, रायगढ़ में आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होकर रोजगार मेले में शामिल हो सकते हैं।








