रायगढ़ (सृजन न्यूज)। राष्ट्रीय खेल दिवस के उपलक्ष्य में जेसीआई रायगढ़ सिटी और अखिल भारतीय मारवाड़ी युवा मंच (रायगढ़ शाखा) ने संयुक्त रूप से ‘वॉकथॉन 2.0’ को बेहद उत्साह और उमंग के किया। इस आयोजन में बच्चों से लेकर बुजुर्गों और डॉक्टरों तक ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और पूरे शहर को ‘स्वस्थ भारत, सशक्त भारत’ का संदेश दिया।
रविवार की सुबह कार्यक्रम की शुरुआत बेहद गौरवपूर्ण माहौल में हुई, जहाँ प्रतिभागियों ने एक सुर में सामूहिक राष्ट्रगान गाया। राष्ट्रगान की गूंज से देशभक्ति और ऊर्जा का संचार हुआ। इसके बाद नेहरू पार्क में आयोजित 15 मिनट के धमाकेदार ज़ुम्बा सेशन ने माहौल बदल दिया। ट्रेनर की धुनों पर थिरकते हुए प्रतिभागियों ने वॉकथॉन के लिए खुद को वार्म-अप किया, जिससे हर तरफ जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। इसके बाद वॉकथॉन को नटवर स्कूल मैदान से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। ‘वॉक फॉर हेल्थ, वॉक फॉर कम्युनिटी’ के नारों के साथ शताधिक प्रतिभागी सुभाष चौक और गौरीशंकर मंदिर चौक होते हुए कमला नेहरू पार्क (समापन स्थल) पहुंचे। पूरे रास्ते में देशभक्ति और स्वास्थ्य से जुड़े नारों की गूंज रही। नटवर स्कूल के छात्र-छात्राओं ने भारी संख्या में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। कार्यक्रम के अंत में भाग लेने वाले सभी विद्यार्थियों और बच्चों को विशेष प्रमाण-पत्र देकर प्रोत्साहित किया गया।
आयोजन को सफल बनाने में जेसीआई रायगढ़ सिटी के अध्यक्ष सीए गुलशन अग्रवाल और मारवाड़ी युवा मंच के अध्यक्ष आशीष अग्रवाल, कार्यक्रम अध्यक्ष सौभाग्य सांवड़िया सहित पूरी टीम की सराहनीय भूमिका रही। उन्होंने इस सफल आयोजन के लिए समस्त रायगढ़वासियों, डॉक्टरों, स्कूल प्रबंधन और पुलिस प्रशासन का दिल से आभार व्यक्त किया। यह प्रेस विज्ञप्ति संस्था के पीआरओ जेसी सुमन दत्ता ने दी।








