भाई की कलाई में राखी बांधने जा रही थी मायके, पति की आंखों के सामने पत्नी ने तोड़ा दम
रायगढ़ (सृजन न्यूज)। हादसे की डगर कहे जाने वाले रायगढ़-घरघोड़ा नेशनल हाइवे के लाखा में केलो डैम के पास बुधवार देर शाम रफ्तार के कहर ने एक बेगुनाह महिला की बलि ले ली। अज्ञात वाहन ने स्कूटी सवार दम्पत्ति को इस कदर अपनी चपेट में लिया कि पति की आंखों के सामने पत्नी ने तड़पते हुए दम तोड़ दिया। यह हादसा तब हुआ, जब विवाहिता रक्षाबंधन त्यौहार के लिए अपने भाई की कलाई में राखी बांधने के लिए मायके जा रही थी।
यातायात पुलिस लाख कोशिश करे, लेकिन हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे। दिनोंदिन बढ़ते भारी वाहनों के दबाव से आये दिन दुर्घटनायें हो रही हैं। इसी क्रम में आज शाम रायगढ़-घरघोड़ा मुख्यमार्ग में केलो डेम के पास एक अज्ञात वाहन ने स्कूटी को अपनी चपेट में ले लिया। स्कूटी में सवार पति-पत्नी दोनों में से पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पति सुरक्षित बच गया।
जानकारी के अनुसार महिला सुनीता यादव (28 वर्ष) अपने पति रामेश्वर उर्फ रवि यादव के साथ रक्षाबंधन के लिए अपने मायके लाखा जा रही थी। तभी केलो डेम के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की चपेट में आ गए। हादसा इतना भयानक था कि सुनीता की मौके पर ही मौत हो गयी। यह घटना आज शाम लगभग साढ़े चार बजे की बतायी जा रही है। हादसे की खबर मिलते ही ग्राम लाखा के ग्रामीण व परिजन घटना स्थल पर तत्काल पहुँचे और आये दिन हो रहे हादसों व खराब सड़क को लेकर धरना प्रदर्शन करते हुए चक्काजाम कर दिया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लम्बी कतारें लग गयीं।
करीब 4 घंटे तक चले चक्काजाम के बाद प्रशासन हरकत में आया और मौके पर पहुँच कर आक्रोशित ग्रामीणों को समझाईश दी और सुधार का आश्वासन देते हुए नकद 50,000 रूपये की राशि तत्काल आर्थिक सहायता के रूप में परिजन को दी, तब कहीं जाकर रात लगभग 10 बजे जाम खुला। बहरहाल, घटना की सूचना पर पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।








