सत्र 2025–26 में शैक्षणिक उत्कृष्टता हासिल करने वाले 132 विद्यार्थियों हुए स्कॉलर बैज और स्कॉलर टाई से सम्मानित
रायगढ़ (सृजन न्यूज)। ओपी जिंदल स्कूल, रायगढ़ के आजाद, रामानुजन एवं टैगोर हाउस द्वारा आयोजित भव्य सांस्कृतिक समारोह “क्वांटम : रूट्स टू रेजोनेंस” ने विद्यार्थियों की असीम रचनात्मक प्रतिभा, सांस्कृतिक चेतना और मंचीय कौशल का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। विद्यालय के सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने अपनी विविध प्रस्तुतियों के माध्यम से कला, संस्कृति और सामाजिक सरोकारों का अद्भुत समन्वय प्रस्तुत किया।
क्वांटम : रूट्स टू रेजोनेंस केवल एक सांस्कृतिक प्रस्तुति नहीं, बल्कि विद्यार्थियों की प्रतिभा, रचनात्मकता, संस्कार और सामाजिक चेतना का जीवंत उत्सव बनकर सामने आया। यह गौरव, प्रतिभा व उत्कृष्टता से भरा आयोजन वास्तव में ओपी जिंदल स्कूल की सृजनात्मक एवं समृद्ध शैक्षणिक-सांस्कृतिक विरासत का प्रतिबिंब रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के आगमन एवं पौधरोपण के प्रतीक स्वरूप पौधे भेंट कर स्वागत के साथ हुआ। इसके पश्चात पारंपरिक दीप प्रज्वलन के साथ समारोह का विधिवत शुभारंभ किया गया। समारोह में रायगढ़ के जिला एवं अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश श्रीकांत श्रीवास और श्याम कुमार साहू तथा जिंदल स्टील रायगढ़ के वाइस प्रेसिडेंट एवं हेड-मिल्स अंशू रैना सहित अन्य गणमान्य अतिथियों ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति से आयोजन की शोभा बढ़ाई।
कार्यक्रम के प्रारंभ में प्राचार्य आरके त्रिवेदी ने विद्यालय की उत्कृष्टता की परंपरा और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के प्रति स्कूल की प्रतिबद्धता को रेखांकित किया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम का संचालन विद्यार्थियों की एंकरिंग टीम ने अत्यंत आत्मविश्वास, सहजता एवं प्रभावशाली अंदाज में किया। उनकी प्रस्तुति और मंच संचालन को उपस्थित अतिथियों एवं अभिभावकों ने खूब सराहा। समारोह के दौरान रीना सुनील, विवेक गौतम एवं वसीम अहमद कुरैशी ने अपने-अपने हाउस कैप्टन्स के साथ वार्षिक हाउस रिपोर्ट प्रस्तुत की। रिपोर्ट में विभिन्न क्षेत्रों में हाउस द्वारा हासिल की गई उपलब्धियों, विद्यार्थियों की प्रतिभा तथा वर्षभर की गतिविधियों का उल्लेख किया गया।
इस अवसर पर सत्र 2025–26 में शैक्षणिक उत्कृष्टता हासिल करने वाले 132 विद्यार्थियों को स्कॉलर बैज एवं स्कॉलर टाई प्रदान कर सम्मानित किया गया। विद्यार्थियों की इस उपलब्धि ने समारोह को विशेष गौरव प्रदान किया और उनकी मेहनत, लगन एवं शैक्षणिक प्रतिबद्धता को सम्मानित किया गया। सहायक हाउस वार्डन उत्तम कुमार दत्ता ने आभार प्रदर्शन किया।








