SECL के सब एरिया मैनेजर ने खोली 18 अगस्त की कहानी की पोल, कहा – 4 साल से खदान नहीं आए महेंद्र चौधरी, यूनियन के नाम पर टोकन, वसूली और दबाव पर प्रशासन की दो टूक

घरघोड़ा/रायगढ़ (सृजन न्यूज)। बरौद खदान में ट्रेलर लाइन व्यवस्था को लेकर महेंद्र चौधरी के खिलाफ लगाए गए आरोपों की हकीकत सामने लाने के लिए हुई त्रिपक्षीय वार्ता में मामला ही पलट गया। घरघोड़ा एसडीएम कार्यालय में हुई बैठक में बरौद खदान के सब एरिया मैनेजर, एसडीएम, सीएसपी, एसडीओपी और टीआई सहित संबंधित पक्ष मौजूद रहे। बैठक में एसईसीएल के अधिकारी ने ऐसी जानकारी दी, जिसने 18 अगस्त की घटना को लेकर की गई शिकायत पर ही गंभीर सवाल खड़े कर दिए।
बरौद खदान के सब एरिया मैनेजर ने स्पष्ट किया कि महेंद्र चौधरी पिछले लगभग 4 वर्षों से खदान में आए ही नहीं हैं। उन्होंने यह भी बताया कि 18 अगस्त 2026 को खदान में लाइन तोड़ने जैसी कोई घटना हुई ही नहीं थी, यानी जिस घटना को आधार बनाकर महेंद्र चौधरी पर आरोप लगाए गए, एसईसीएल के जिम्मेदार अधिकारी के अनुसार उस दिन ऐसी घटना ही नहीं हुई।
त्रिपक्षीय बैठक में सामने आया संघ की आड़ में कथित वसूली का मुद्दा
बैठक में महेंद्र चौधरी ने आरोप लगाया कि ट्रेलर संघ की आड़ में सदस्यता शुल्क और पार्किंग टोकन के नाम पर वाहन मालिकों से कथित अवैध वसूली की जा रही है। उनका कहना था कि इस संबंध में उन्होंने 18 अगस्त को ही लिखित शिकायत की थी। मामले ने तब और गंभीर रूप ले लिया, जब प्रशासन ने कथित वसूली को लेकर सतीश चौबे को सीधे चेतावनी दी।
सीएसपी की दो टूक —अवैध वसूली मिली तो सीधे एफआईआर
बैठक में सीएसपी ने सतीश चौबे को स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि उनके खिलाफ किसी भी प्रकार की अवैध वसूली की शिकायत प्राप्त होती है तो तत्काल एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यह चेतावनी इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि विवाद के केंद्र में अब केवल ट्रेलर की लाइन व्यवस्था नहीं, बल्कि संघ के नाम पर टोकन, दबाव और कथित वसूली का सवाल भी आ गया है।
यूनियन की मनमानी पर प्रशासन ने खींची लकीर
बैठक में स्पष्ट किया गया कि एसईसीएल की खदानों में यूनियन के नाम पर किसी भी प्रकार का हस्तक्षेप नहीं होगा। खदान की व्यवस्था एसईसीएल के अधिकारी और सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगे।।एंट्री गेट पर यूनियन के नाम पर दबाव बनाने वाले तथा अवैध रूप से सक्रिय लोगों को हटाने के निर्देश दिए गए। वाहन मालिकों को यूनियन का टोकन लेने के लिए किसी भी प्रकार का दबाव या जबरदस्ती नहीं करने की भी स्पष्ट हिदायत दी गई। वाहनों की लाइन लगाने की जिम्मेदारी भी एसईसीएल की तय की गई है।
क्या संघ की आड़ में चल रही वसूली जैसी गतिविधियों पर पर्दा डालने लगाया इल्जाम ?
पूरे घटनाक्रम ने अब एक बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है, जब एसईसीएल के सब एरिया मैनेजर के अनुसार महेंद्र चौधरी लगभग 4 साल से खदान आए ही नहीं और 18 अगस्त को लाइन तोड़ने जैसी कोई घटना भी नहीं हुई, तो उनके खिलाफ यह शिकायत आखिर किस आधार पर की गई। इससे भी बड़ा सवाल यह कि यदि यूनियन को टोकन लेने के लिए वाहन मालिकों पर दबाव डालने का अधिकार नहीं है, तो अब तक टोकन किस अधिकार से चल रहा था और कथित रूप से राशि किस आधार पर वसूली जा रही थी?
झूठी शिकायत पर न करें दस्तखत : चौधरी
प्रशासन की चेतावनी ने साफ कर दिया है कि एसईसीएल की खदान में अब संघ के नाम पर दबाव, टोकन या कथित अवैध वसूली का खेल नहीं चलेगा। महेंद्र चौधरी पर लगाए गए आरोपों को बैठक में साबित करने के बजाय मामला अब संघ की आड़ में कथित वसूली और दबाव की व्यवस्था पर आकर केंद्रित हो गया है। इस बैठक के बाद अनौपचारिक वार्ता में महेंद्र चौधरी ने कहा कि मेरे द्वारा सतीश चौबे द्वारा यूनियन के नाम पर की जा रही अवैध वसूली एवं खदान में की जा रही गुंडागर्दी का विरोध किया जा रहा था। इसी कारण मुझ पर झूठे आरोप लगाकर मेरी छवि खराब करने का प्रयास किया जा रहा है। मेरा सभी गाड़ी मालिकों से अनुरोध है कि किसी भी झूठी शिकायत पर हस्ताक्षर करने से बचें, अन्यथा आप भी कानूनी पचड़े में फँस सकते हैं।








