रायगढ़ (सृजन न्यूज)। ‘मैं अनिकेत हूं’ नाटक में अनिकेत बने किरदार ने बेहतरीन अदाकारी से कल संपन्न हुए रोटरी क्लब ऑफ रायगढ़ स्टील सिटी द्वारा आयोजित एवं महाराष्ट्र मित्र मंडल रायपुर के सहयोग से जिंदल ऑटोडोरियम में अंत तक दर्शकों को बांधे रखा। कोर्टरूम ड्रामा में अपनी पहचान, अस्तित्व तथा मनुष्य के भीतर चल रहे द्वन्द पर यह नाटक गहरा सवाल छोड़ गया।
भयंकर आँधी तूफ़ान एवं भारी वर्षा के बीच भी क़रीब 500 दर्शकों के समक्ष सम्पन्न हुए इस 80 मिनट के नाटक में कहानी अदालत के कठघरे में खड़े एवं एक ट्रेन दुर्घटना में घायल व जले हुए चेहरे वाले अनिकेत शर्मा के इर्द-गिर्द घूमती है जो अपनी अस्तित्व को लेकर सवाल करता है कि मैं कौन हूँ। बेहद मार्मिक संवेदनाओं एवं गहरी ख़ामोशी के बीच एक ऐसा माहौल बना दिया जिससे दर्शक अंत तक पूरा ड्रामा देखते ही रहे। नाटक के अंत में दर्शक इसी उलझन व सवालों में डूबे हुए रहे हैं कि आख़िर अनिकेत है कौन शशिकांत जाधव या अनिकेत शर्मा।
अनिकेत शर्मा के रूप में अभिनय करने एवं इस नाटक के डायरेक्टर की भूमिका निभाने वाले रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3261 के पीडीजी शशि वरवंडकर ने अपने अभिनय से एक बार फिर दर्शकों को प्रभावित किया, वहीं सरकारी वकील भारद्वाज की भूमिका में चेतन दंडवते एवं जज के किरदार में दिलीप लाम्बे ने भी अपने अभिनय से दर्शकों को प्रभावित किया। अनिकेत की पत्नी मीनाक्षी शर्मा के रूप में डॉ. अनुराधा दुबे ने भी श्रोताओं को भावात्मक रूप से जोड़े रखा। इसके अलावा प्रकाश खांडेकर, रंजन मोड़ा, रविन्द्र ठेंगड़ी, भारती पलसोड़कर, डॉ. प्रीटा लाल, समीर टल्लू, डॉ. अभ्या जोगलेकर, श्याम सुंदर खंगन और डॉ. शुचिता देशमुख ने भी अपनी भूमिकाओं से मंच को जीवंत बनाये रखा। विनोद रखून्दे और पंकज सराफ का प्रदर्शन भी सराहनीय रहा, जबकि पर्दे के पीछे अजय पोतदार, प्रवीण क्षीरसागर और प्रकाश गुराव की तकनीकी भूमिका अहम रही।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एसएसपी शशिमोहन सिंह विशिष्ट अतिथि एवं स्टील सिटी के असिस्टेंट गवर्नर रोटे. विजय अग्रवाल, डिस्ट्रीक 3261 के डीएसजी सुशील रामदास अग्रवाल, जिंदल स्कूल के प्राचार्यआरके त्रिवेदी, जिंदल स्टील के ईवीपी संजीव चौहान की गरिमामय उपस्थिति में फूल मालाओं से स्वागत व दीप प्रज्वलन, राष्ट्रगान के पश्चात कार्यक्रम के चेयरमैन रोटे. विनोद बट्टीमार ने कार्यक्रम का संक्षिप्त ब्योरा देते हुए कार्यक्रम की उपलब्धि से भी लोगों को अवगत कराया।
मुख्य अतिथि शशिमोहन सिंह जो स्वयं भी एक कलाकार के रूप में कई फ़िल्मों एवं नाटकों में अभिनय कर चुके हैं, ने अपने संबोधन में सभी को शुभकामनाएं देते हुए ऐसे कार्यक्रमों को प्रोत्साहन देने के लिए रोटरी स्टील सिटी की भी प्रशंसा की। कार्यक्रम पश्चात सभी कलाकारों का परिचय दर्शकों से कराया गया। रोटरी क्लब स्टील सिटी ने कलाकारों को अतिथियों के हाथों से मेमोंटो देकर सम्मानित कराया। क्लब के अध्यक्ष रोटे. कमलेश अग्रवाल ने आभार प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर क्लब की तरफ से रोटे. डॉ. सतीश, संतोष नायर, संतोष टिबरेवाल, प्रीतपाल टुटेजा, जीएस नरेड़ी, दीपक अग्रवाल, संजय तायल, अतुल रतेरिया, पवन अग्रवाल, आकाश पुरसेठ, नरेश अग्रवाल, प्रवीण बंसल, मनोज बंसल, अजय अग्रवाल, लोकेश अग्रवाल, अनिल गर्ग, सुनील गुप्ता, अरविंद गर्ग, गौरव अग्रवाल, महेश अग्रवाल, नवीन जैन, प्रवीण गोयल, संदीप बंसल, संजय अग्रवाल, संजय बेरीवाल, सतीश अग्रवाल, विनय केडिया, विवेक अग्रवाल का भी विशेष सहयोग रहा।








