रायगढ़ में मिशन लाईफ : पर्यावरण चेतना की अनूठी पहल, बच्चों ने दिखाई रचनात्मक प्रतिभा और जागरूकता

by SUNIL NAMDEO
0 comments

विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में पीएमश्री नटवर स्कूल में विकासखंड स्तरीय प्रतियोगिताएं संपन्न, “क्लाइमेट एक्शन” थीम पर 100 से अधिक विद्यार्थियों ने लिया उत्साहपूर्ण भाग

रायगढ़ (सृजन न्यूज)। भारत सरकार के नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय द्वारा संचालित “मिशन लाईफ-पर्यावरण के लिए जीवनशैली” अभियान के अंतर्गत विश्व पर्यावरण दिवस 2026 के उपलक्ष्य में विकासखंड रायगढ़ की विकासखंड स्तरीय प्रतियोगिताएं आज पीएम श्री नटवर इंग्लिश स्कूल, रायगढ़ में उत्साह, उमंग और पर्यावरण जागरूकता के माहौल में संपन्न हुईं। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने न केवल अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया, बल्कि पर्यावरण संरक्षण एवं नवीकरणीय ऊर्जा के प्रति अपनी समझ और जिम्मेदारी का भी प्रभावशाली परिचय दिया।

balaj
previous arrow
next arrow

      जिला शिक्षा अधिकारी रायगढ़ के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में विकासखंड शिक्षा अधिकारी संजय पटेल और नोडल अधिकारी (सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी) डीपी पटेल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विद्यालयों से पहुंचे विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नोडल अधिकारी डीपी पटेल ने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस 2026 की थीम “क्लाइमेट एक्शन” वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक मूल कर्तव्य है। उन्होंने विद्यार्थियों को सौर ऊर्जा, पवन ऊर्जा जैसे स्वच्छ एवं नवीकरणीय ऊर्जा स्रोतों को अपनाने तथा दैनिक जीवन में बिजली और पानी की बचत करने के लिए प्रेरित किया।

ideal
previous arrow
next arrow

                                   उन्होंने मिशन लाईफ अभियान की जानकारी देते हुए बताया कि 15 मई से 4 जून तक चल रहे प्री-कैम्पेन का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक को “प्रो-प्लैनेट पीपल” बनाना है, ताकि छोटी-छोटी जीवनशैली संबंधी आदतों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाया जा सके। उन्होंने “सेल्फी विद सोलर” अभियान का उल्लेख करते हुए विद्यार्थियों को पर्यावरण हितैषी जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान कक्षा 6वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए निबंध, पेंटिंग, स्लोगन एवं प्रश्न मंच (क्विज) प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं का विषय “नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा” रखा गया था। स्पर्धा में 100 से अधिक विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बच्चों की रचनात्मकता, पर्यावरण के प्रति जागरूकता और नवीन सोच ने निर्णायकों को भी प्रभावित किया। निर्णायक मंडल में ललिता पटेल, ममता पटेल, विस्मिता मिश्रा, विकास कुमार मिश्रा, जितेन्द्र कुमार पटेल, राकेश दुबे एवं अनुपमा तिवारी शामिल रहे।

              निबंध प्रतियोगिता में गुलशन कुमारी, कक्षा 10वीं, एमएसपी पब्लिक स्कूल ने प्रथम तथा निकिता पति, कक्षा 7वीं, एमएसपी पब्लिक स्कूल ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। पेंटिंग प्रतियोगिता में रागिनी पटेल, कक्षा 12वीं, संस्कार पब्लिक स्कूल, रायगढ़ प्रथम एवं कुलदीप कुमार, कक्षा 6वीं, एमएसपी पब्लिक स्कूल, जामगांव द्वितीय स्थान पर रहे। स्लोगन प्रतियोगिता में सिमी पंडा, कक्षा 8वीं, एमएसपी पब्लिक स्कूल प्रथम तथा सौम्य सिंह, कक्षा 9वीं, एमएसपी पब्लिक स्कूल, जामगांव द्वितीय स्थान पर रहे। वहीं प्रश्न मंच प्रतियोगिता में अंश अग्रवाल एवं टिया साव, एमएसपी स्कूल, जामगांव की टीम ने प्रथम तथा प्रीतम गुप्ता एवं सचिन साव, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बरलिया की टीम ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।

   प्रथम एवं द्वितीय विजेता प्रतिभागियों को “यंग रिन्यूएबल एनर्जी एम्बेसडर” घोषित किया गया। ये विद्यार्थी अब अपने विद्यालय एवं समाज में पर्यावरण संरक्षण एवं नवीकरणीय ऊर्जा के प्रति जागरूकता फैलाने का कार्य करेंगे। कार्यक्रम की जियो-टैग्ड फोटो एवं वीडियो “मेरी लाईफ” पोर्टल पर अपलोड किए जा रहे हैं। कार्यक्रम में बीआरसी मनोज अग्रवाल, संकुल शैक्षिक समन्वयक जगत जाफरी, सुशील चौहान, सन्नी खांडे, मोहन राठिया और विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय से परमेश्वर पटेल ने आवश्यक सहयोग प्रदान किया। कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों एवं अतिथियों के साथ सामूहिक समूह छायाचित्र लिया गया। नोडल अधिकारी डीपी पटेल ने सभी अतिथियों, निर्णायकों, शिक्षकों एवं प्रतिभागी विद्यार्थियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने के ऐसे आयोजन भविष्य में भी निरंतर आयोजित किए जाएंगे।

Related Posts