रायगढ़ की बेटी परिणीति ने मधुगुंजन सांस्कृतिक स्पर्धा में किया शानदार प्रदर्शन
रायगढ़ (सृजन न्यूज)। मध्यप्रदेश के पचमढ़ी में हरीतिमा के बीच एक सुंदर साहित्यिक और सांस्कृतिक आयोजन 2 अक्टूबर हुआ, जिसका नाम था नर्मदोत्सव मधुगुंजन। भारत की सांस्कृतिक विरासत को सहेजने के लिए हुई इस नाटक स्पर्धा में रायगढ़ के साथ देशभर के कलाकार शामिल हुए। इसमें कथक कला का प्रदर्शन करते हुए रायगढ़ की बेटी कु. परिणीति शर्मा ने द्वितीय स्थान प्राप्त कर न केवल शहर को गौरवान्वित किया, बल्कि अपने परिवार और गुरुजनों का मान भी बढ़ाया।
परिणीति शहर के कार्मल कन्वेंट स्कूल में कक्षा छठवीं में अध्यनरत है और विजयपुर निवासी संजय शर्मा व ज्योत्सना शर्मा की पुत्री हैं। वहीं, जिला उत्कल ब्राह्मण समाज के तहसील अध्यक्ष चित्रसेन शर्मा एवं डोलेश्वरी शर्मा की पोती हैं। कला और संस्कृति को समर्पित यह आयोजन रायगढ़ के वैष्णव संगीत विद्यालय की तरफ से शरद वैष्णव द्वारा आयोजित की गई थी जिसमें देश के विभिन्न राज्यों से प्रतिभागी शामिल हुए।
विदित हो कि मई माह में महाराष्ट्र के पुणे में आयोजित भारत उत्सव 2026 डांस ड्रामा एंड वोकल फेस्टिवल में भी परिणीति शर्मा ने शानदार उपलब्धि हासिल की थी। नृत्य, नाट्य, गीत एवं संगीत फेस्टिवल में देश के विभिन्न शहरों से सांस्कृतिक विरासत को संजोते सैकड़ो कलाकारों ने अपनी प्रस्तुति दी थी जिनमें परिणीति शर्मा ने भी वरीयता सूची में अपना नाम दर्ज कर नगर का मान बढ़ाया है।








