
रायगढ़ (सृजन न्यूज)। परंपरागत परिधानों में सजी 1500 से अधिक बालिकाओं, युवतियों और मातृशक्तियों की खनकती तालियों एवं डांडिया रास की गूंज के साथ रायगढ़ को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने वाली ‘निर्मल कर्मी’ (सफाई दीदी) बहनों के हाथों मां अम्बे की महाआरती हुई। सेवा भारती समिति रायगढ़ के मार्गदर्शन में महिला समन्वय रायगढ़ द्वारा आयोजित ‘मां आदिशक्ति खड़्ग धारिणी गरबा उत्सव’ को अति विशेष बना दिया। गरबा स्थल में प्रवेश पर पूरी यह सनातनी पहरा रहा। लोगों को तिलक लगाने के बाद ही आयोजन स्थल पर प्रवेश दिया गया।
नटवर स्कूल प्रांगण में उत्सव के प्रथम दिवस पर रायगढ़ नगर की स्वच्छता की धुरी कही जाने वाली सफाई दीदियों को मंच पर अग्रिम स्थान देकर मां आदिशक्ति की मुख्य आरती कराई गई। जिनकी अहर्निश सेवा व निष्ठा से पूरा शहर जगमगाता है, उन बहनों को यह गौरव प्रदान कर आयोजन समिति ने एक मिसाल कायम की, जिसने उपस्थित हर श्रद्धालु को भावविभोर कर दिया। कार्यक्रम में महापौर जीवर्धन चौहान एवं सभापति डिग्रीलाल साहू ने परिवार सहित उपस्थिति होकर मां जगदंबा का आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस अवसर पर रायगढ़ के प्रचार जगत और जन-जन तक खबरों को सजगता से पहुँचाने वाले पत्रकार बंधुओं का दुपट्टे से सम्मान किया गया। डांडिया रास के पश्चात विभिन्न क्षेत्रों में अपनी उत्कृष्ट प्रतिभा और सेवा से नगर का नाम रोशन करने वाली बालिकाओं व नारी शक्तियों को ‘लोकमाता देवी अहिल्या नारी शक्ति सम्मान से पुरस्कृत किया गया। गरबा रास में केवल सनातनियों को ही प्रवेश की विशेष व्यवस्था की गई थी। सुदृढ़ सुरक्षा के बीच गेट पर प्रवेश करने वालों को तिलक लगाया जा रहा था। आयोजन समिति ने बताया कि गरबा उत्सव के द्वितीय दिवस पर डांडिया रास के साथ-प्रसिद्ध ‘गंगा आरती’ की तर्ज पर मां दुर्गा की भव्य महाआरती का आयोजन किया जाएगा।








