रायगढ़ (सृजन न्यूज)। इनर व्हील क्लब ऑफ रायगढ़ स्टील सिटी द्वारा श्री चक्रधर बाल सदन की बच्चियों को नवरात्रि के पावन अवसर पर डांडिया का विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य बच्चियों में आत्मविश्वास, उत्साह एवं सांस्कृतिक परंपराओं के प्रति रुचि बढ़ाना तथा उन्हें अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करना है।
इस सुंदर पहल में श्री चक्रधर बाल सदन समिति द्वारा विशेष सहयोग प्रदान किया जा रहा है। साथ ही, बाल सदन की शिक्षिकाएँ श्रीमती सोनाली असुतकर एवं रुपाली जी का भी महत्वपूर्ण सहयोग एवं मार्गदर्शन प्राप्त हो रहा है। बच्चियों को प्रोत्साहित करने और इस आयोजन को सफल बनाने में उनके योगदान के लिए क्लब हृदय से आभार व्यक्त करता है।
इस कार्यक्रम को विशेष रूप से आनंदमय बनाने में अदिति एवं सुरभि का भी सराहनीय योगदान है। दोनों युवतियाँ बच्चियों को पूरे उत्साह, लगन और प्रेम के साथ डांडिया सिखा रही हैं। उनका यह प्रयास बच्चियों के चेहरों पर मुस्कान लाने के साथ-साथ उनमें आत्मविश्वास और कुछ नया सीखने की भावना को भी प्रोत्साहित कर रहा है। क्लब उनके इस निःस्वार्थ सहयोग एवं समर्पण की सराहना करता है और उनके प्रति हार्दिक धन्यवाद व्यक्त करता है।
इनर व्हील क्लब ऑफ रायगढ़ स्टील सिटी सदैव समाजसेवा, महिला सशक्तिकरण एवं बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए समर्पित रहा है। क्लब का विश्वास है कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों को अपनी प्रतिभा निखारने, सांस्कृतिक गतिविधियों से जुड़ने और जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। इस आयोजन को सफल बनाने में क्लब की प्रेसिडेंट अनिता अग्रवाल, पास्ट प्रेसिडेंट ज्योति अग्रवाल एवं सपना अग्रवाल तथा श्रीमती वंदना अग्रवाल सहित क्लब के सभी सदस्यों का विशेष सहयोग एवं मार्गदर्शन प्राप्त हो रहा है।








