कर्मा पूजा में मांदर की थाप पर जमकर झूमे विष्णुदेव साय

by raigarhmanoj@gmail.com
0 comments

सारसमाल में कर्मा पूजा महोत्सव के मुख्यमंत्री बने साक्षी

रायगढ़ (सृजन न्यूज)। तमनार विकासखंड के ग्राम सारसमाल स्थित माध्यमिक शाला के खेल मैदान में गुरुवार को उरांव समाज विकास समिति, छत्तीसगढ़-ओडिशा हिमगिर क्षेत्र द्वारा कर्मा पूजा महोत्सव का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने भगवान करम देव तथा आराध्य देव भगवान शिव और माता पार्वती की विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री कर्मा दलों के आग्रह पर मांदर लेकर आदिवासी समाज के लोगों के साथ पारंपरिक कर्मा नृत्य में शामिल हुए। उन्होंने समाज के लोगों के साथ झूमकर नृत्य किया। उनकी सहज सहभागिता ने आयोजन का उत्साह को और बढ़ा दिया। समाज के पदाधिकारियों ने गजमाला पहनाकर मुख्यमंत्री का स्वागत किया।
                मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि आदिवासी समाज का इतिहास गौरवशाली रहा है। देश की स्वतंत्रता के संघर्ष में भगवान बिरसा मुंडा, वीर नारायण सिंह, गुंडाधुर और अन्य जनजातीय वीरों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इन महापुरुषों के योगदान और आदिवासी समाज की समृद्ध विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी ने अलग जनजातीय कार्य मंत्रालय का गठन कर जनजातीय समाज के विकास को संस्थागत आधार दिया। पीएम मोदी के नेतृत्व में भी जनजातीय समुदाय के विकास, सम्मान और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। नया रायपुर में स्थापित जनजातीय संग्रहालय के माध्यम से समाज के गौरवशाली इतिहास, परंपराओं और वीर महापुरुषों के योगदान को जानने का अवसर मिलेगा।
                         मुख्यमंत्री ने कहा कि यह गर्व का विषय है कि देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद राष्ट्रपति पर जनजातीय समाज की बेटी द्रौपदी मुर्मु विराजमान हैं। छत्तीसगढ़ में भी जनजातीय समाज के एक बेटे के रूप में मुख्यमंत्री के पद पर सेवा करने का अवसर मिलना गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज को शिक्षा, सामाजिक विकास और आर्थिक उन्नति के अवसरों से जोड़ना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज प्रकृति का उपासक है और पर्यावरण संरक्षण उसकी परंपरा का अभिन्न हिस्सा है। कर्मा पर्व जैसे आयोजन समाज को अपनी जड़ों से जोड़ने के साथ आपसी एकता और सांस्कृतिक विरासत को सहेजने का अवसर देते हैं। मुख्यमंत्री ने सभी को कर्मा तिहार की बधाई देते हुए प्रदेशवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।

rl
previous arrow
next arrow

Related Posts