रायगढ़ (सृजन न्यूज)। शहीद नंदकुमार पटेल विश्वविद्यालय रायगढ़ से संबद्ध रायगढ़, सारंगढ़-बिलाईगढ़, जांजगीर-चांपा एवं सक्ती जिलों के कुल 8स्वयंसेवक राष्ट्रीय एकता शिविर में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करते हुए हिस्सा लेंगे। चयनित स्वयंसेवक +2 हायर सेकंडरी विद्यालयीन स्तर के हैं। राष्ट्रीय सेवा योजना के तहत प्रत्येक जिले से एक छात्र और एक छात्रा का चयन किया गया है।
विश्वविद्यालय के कुलपति विनय चौहान, कुलसचिव तरुणधर दीवान तथा राष्ट्रीय सेवा योजना के राज्य एनएसएस अधिकारी डॉ. नीता बाजपेयी कार्यक्रम समन्वयक डॉ. रविंद्र कौर चौबे रासेयो जिला संगठक संतोष कुमार नायक (रायगढ़) प्रो. लोकेश्वर पटेल (सारंगढ़) सोमेश घीतोड़े (सक्ती), पुष्पा सिंह (जांजगीर-चांपा) ने चयनित स्वयंसेवकों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए राष्ट्रीय एकता शिविर में छत्तीसगढ़ तथा विश्वविद्यालय का बेहतर प्रदर्शन करने का आह्वान किया है। यह राष्ट्रीय एकता शिविर 16 से 22 अक्टूबर तक मदर टेरेसा कान्वेंट स्कूल भट्टू (फतेहाबाद) हरियाणा में आयोजित होगा। शिविर का थीम “यूथ फॉर माय भारत एंड यूथ फॉर डिजिटल लिटरेसी” रखा गया है। इस राष्ट्रीय शिविर में देश के विभिन्न प्रांतों से +2 हायर सेकंडरी स्तर के स्वयंसेवक भाग लेंगे।
राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी भोजराम पटेल के नेतृत्व में 8 सदस्यीय दल 14 अक्टूबर को रायगढ़ रेलवे स्टेशन से फतेहाबाद के लिए रवाना हुआ। दल चांपा जंक्शन से दिल्ली होते हुए हरियाणा के फतेहाबाद पहुंचेगा। शिविर में प्रतिभागी स्वयंसेवक छत्तीसगढ़ की संस्कृति, परंपराओं और युवा शक्ति का प्रतिनिधित्व करेंगे। शिविर का उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और डिजिटल साक्षरता के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। शिविर के दौरान “यूथ ऑफ माय भारत” और “यूथ फॉर डिजिटल लिटरेसी” विषयों पर विविध गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
नंदकुमार पटेल विवि से शामिल होने वाले स्वयंसेवकों में रायगढ़ जिला से नागेश पटेल (शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय तारापुर, रायगढ़), माही गुप्ता (शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बड़े भंडार), सारंगढ़ जिला से युवराज रत्नेश (शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय हरदी, सारंगढ़), मीमांसा बरिहा (सेजस डोंगरीपाली, सारंगढ़), सक्ती जिला से प्रिंसी यादव (शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पोरथा), वोपी कुमार चंद्रा (जी.एस.सी. मॉडल कान्वेंट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जैजैपुर), जांजगीर – चांपा जिला से हिमांशु कर्ष (श्री महंतलाल दास उच्चतर माध्यमिक विद्यालय शिवरीनारायण) तथा सुनयना (शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कटनई, अकलतरा) शामिल हैं।
हरियाणा के राष्ट्रीय एकता शिविर में छग का प्रतिनिधित्व करेंगे नंदकुमार पटेल विवि के स्वयंसेवक
2




