वार्ड 40 की 6 एकड़ बंजर जमीन बनेगी ऑक्सीजन फैक्ट्री
रायगढ़ (सृजन न्यूज)। वित्त मंत्री और रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी के विकास मॉडल की रफ्तार थमने का नाम नहीं ले रही है। मानसून थम गया है, लेकिन रायगढ़ में विकास कार्यों की बारिश लगातार जारी है। शहर के बीचो-बीच भुजबंधान तालाब के लिए 5 करोड़, रामलीला मैदान के कायाकल्प के बाद अब शहरवासियों के लिए एक और बड़ी सौगात मिली है। होटल ट्रिनिटी के सामने स्थित गजानंदपुरम कॉलोनी के पीछे, वार्ड नंबर 40 के 6 एकड़ में फैली बंजर भूमि पर भव्य ऑक्सीजोन विकसित करने के लिए वित्त मंत्री ओपी चौधरी के प्रयासों से 10.45 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिली है। क्षेत्र वासियों की यह मांग बहुप्रतीक्षित रही। इसे ओपी चौधरी ने पूरा कर जनभावना का सम्मान किया।
पूर्व विधायक प्रकाश नायक के निवास स्थान गजानंदपुरम के पीछे लंबे समय से यह जमीन खाली पड़ी थी। रिक्त पड़ी जमीन पर विद्युत विभाग के ट्रांसफार्मरों में भीषण आगजनी की घटना हो चुकी थी। सौभाग्य से कोई जनहानि नहीं हुई थी, लेकिन घनी आबादी के बीच आगजनी का खतरा हमेशा बना रहता था। क्षेत्रवासियों ने इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए विधायक ओ.पी. चौधरी से गुहार लगाई थी। ओ.पी. चौधरी ने इस रिक्त पड़ी जगह को ही शहर के फेफड़े में बदलने का विजन दिया और आज 10.45 करोड़ की स्वीकृति देकर क्षेत्रवासियों की बहुप्रतिक्षित मांग को पूरा किया। छत्तीसगढ़ हाउसिंग एंड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट बोर्ड द्वारा निर्मित होने वाले इस ऑक्सीजोन में प्रवेश और पार्किंग जोन में मुख्य एंट्री गेट के साथ बायीं तरफ ऑल वेदर पक्की पार्किंग, टिकट काउंटर और गार्ड रूम की सुविधा उपलब्ध होगी।
ये ग्रीन जोन के रूप में विकसित होगा। पूरे 6 एकड़ में 80% से ज्यादा हिस्सा ग्रीन लैंडस्केपिंग और वृहद पौधरोपण के लिए आरक्षित रहेगा, जो क्षेत्र को ऑक्सीजन देगा। इस ऑक्सीजोन में वॉकवे और जॉगिंग ट्रैक होगा। चारों तरफ परिधि में आउटर जॉगिंग ट्रैक, बीच में 2 बड़े मुख्य रास्ते व अंदर घुमावदार पाथ-वे, जहां सुबह-शाम हजारों लोग सैर और योग कर सकेंगे। 5 स्थानों पर गोलाकार गज़ेबो चबूतरा सिटिंग जोन की व्यवस्था होगी जिसमें परिवार के साथ आराम से बैठने की व्यवस्था होगी। बीच में एक बड़ा अंडाकार सेंट्रल प्लाजा जो पूरे पार्क का केंद्र होगा।किड्स के लिए झूले, वेडिंग जोन, टॉयलेट ब्लॉक और व्यवस्थित लाइटिंग की व्यवस्था होगी। रायगढ़ का पहला व्यवस्थित और सबसे बड़ा ऑक्सीजोन होगा।
ढिमरापुर और कोतरा रोड के आधा दर्जन वार्डों की 15 हजार से अधिक आबादी को लाभ मिलेगा। गजानंदपुरम का यह ऑक्सी जोन न सिर्फ वार्ड 40 बल्कि पूरे रायगढ़ के लिए नवा रायगढ़ की सोच को साकार करने वाला मील का पत्थर साबित होगा।
गौरतलब है कि इसके पूर्व शहर के मध्य इतवारी बाजार में सिंदूर पार्क के नाम से ऑक्सीजोन जनता को लोकार्पित किया जा चुका है। वहीं जूटमिल क्षेत्र में बंद पड़ी किसान राइस मिल में भी ऑक्सीजोन विकसित किया जा रहा है।








