रायगढ़ (सृजन न्यूज)। छत्तीसगढ़ के खेल जगत के लिए आज एक ऐतिहासिक दिन है। नवा रायपुर में विश्व प्रसिद्ध बैडमिंटन अकादमी की स्थापना होने जा रही है। वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक श्री ओपी चौधरी ने आज रायपुर में आयोजित The Grand Partnership Signing Ceremony में सहभागिता की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के साथ प्रख्यात बैडमिंटन खिलाड़ी एवं दिग्गज कोच पुलेला गोपीचंद विशेष रूप से उपस्थित रहे।
वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि नया रायपुर में पुलेला गोपीचंद की बैडमिंटन अकादमी की स्थापना छत्तीसगढ़ के खेल जगत के लिए एक ऐतिहासिक पहल है। गोपीचंद जैसे गुरु के मार्गदर्शन में प्रदेश के युवा खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय प्रशिक्षण प्राप्त करने और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने के बेहतर अवसर मिलेंगे। यह सिर्फ एक एकेडमी नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ के हजारों बैडमिंटन प्रेमी बच्चों के सपनों को उड़ान देने वाला केंद्र होगा।
ओपी चौधरी ने आगे कहा कि यह साझेदारी छत्तीसगढ़ में खेल संस्कृति एवं फिटनेस को बढ़ावा देने के साथ ही प्रदेश को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल मानचित्र पर नई पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी। हमारा संकल्प है कि छत्तीसगढ़ की खेल प्रतिभाओं को अवसर, प्रशिक्षण और ऐसा मंच प्रदान करना, जहाँ से वे विश्व पटल पर प्रदेश का गौरव बढ़ाएँ। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ खेलों के क्षेत्र में लगातार नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है और पुलेला गोपीचंद एकेडमी का आगमन उसी दिशा में एक मील का पत्थर है।








