दबंगों ने सेमीपाली में सरकारी आबादी भूमि पर खेती के लिए किया कब्जा, कलेक्टर से हुई शिकायत

by SUNIL NAMDEO
0 comments

कलेक्टर जनदर्शन में एकताल मार्ग से बड़े अतरमुड़ा तक करीब 2.30 किलोमीटर सड़क निर्माण की उठी मांग

रायगढ़ (सृजन न्यूज)। कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने आज कलेक्टोरेट में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों की समस्याएं और मांगें सुनीं। उन्होंने आवेदकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्रत्येक प्रकरण का गंभीरता से परीक्षण कर नियमानुसार शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों का उद्देश्य केवल प्रकरणों का निराकरण करना नहीं, बल्कि आमजनों को उनकी समस्या का समाधान और वास्तविक राहत पहुंचाना है।

rl
previous arrow
next arrow

         जनदर्शन में रेंगालपाली निवासी अनुछाया निषाद ने दोनों कानों से सुनाई नहीं देने की समस्या बताते हुए श्रवण यंत्र उपलब्ध कराने का आवेदन दिया। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारी को प्रकरण की जांच कर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। रायगढ़ के बड़े अतरमुड़ा क्षेत्रवासियों ने एकताल मार्ग से बड़े अतरमुड़ा तक करीब 2.30 किलोमीटर सड़क निर्माण की मांग रखी। उन्होंने बताया कि मार्ग जर्जर होने के कारण आवागमन में परेशानी होती है और दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को प्रकरण का परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। धरमजयगढ़ तहसील के ग्राम सेमीपाली के निवासियों ने शासकीय आबादी भूमि पर कुछ लोगों द्वारा कब्जा कर खेती किए जाने की शिकायत की। कलेक्टर ने संबंधित एसडीएम को मौके का निरीक्षण कर प्रकरण की जांच करने तथा नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

balaji
previous arrow
next arrow

                              ग्राम पंचायत बासनपाली की भगवती यादव ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत स्वीकृत आवास की दूसरी किश्त की राशि जारी कराने के लिए आवेदन दिया। उन्होंने बताया कि आवास निर्माण का प्रथम चरण और ढलाई का कार्य पूरा हो चुका है, लेकिन दूसरी किश्त की राशि नहीं मिलने से निर्माण कार्य आगे नहीं बढ़ पा रहा है। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारी को प्रकरण की जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए। इसी तरह छाल तहसील के चंदन सिंह पटेल ने नामांतरण कार्य पूर्ण कराने के लिए आवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि नामांतरण के लिए आवेदन दिए करीब एक माह हो चुका है, लेकिन अब तक कार्यवाही पूरी नहीं हुई है। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारी को प्रकरण का परीक्षण कर शीघ्र नियमानुसार कार्यवाही करने के निर्देश दिए।

                         जनदर्शन में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए अन्य आवेदकों ने भी अपनी समस्याओं और मांगों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। कलेक्टर ने सभी आवेदनों को गंभीरता से सुना और अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक प्रकरण में आवेदक की समस्या को समझते हुए संवेदनशीलता के साथ कार्यवाही करें। उन्होंने कहा कि अधिकारी स्वयं रुचि लेकर प्रकरणों का निराकरण करें और यह सुनिश्चित करें कि लोगों को अपनी समस्या के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

Related Posts