
रायपुर (सृजन न्यूज)। शिक्षा में समावेशिता और नवाचार की दिशा में उल्लेखनीय कार्य करते हुए वर्ल्ड ऑडियो बुक टीम छत्तीसगढ़ की उपलब्धि को गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दर्ज किया गया है। टीम द्वारा दृष्टिबाधित एवं सामान्य विद्यार्थियों के लिए 11,000 से अधिक ऑडियो बुक्स तैयार करने का महत्वपूर्ण कार्य किया जा रहा है।
इस अभियान की शुरुआत 5 अक्टूबर 2024 को राष्ट्रपति पुरस्कृत शिक्षिका सुश्री के. शारदा के नेतृत्व में हुई। सुश्री शारदा स्वयं अब तक 1,800 से अधिक ऑडियो बुक्स तैयार कर चुकी हैं। उनके नेतृत्व में छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों के 30 शिक्षक-शिक्षिकाएँ अपने नियमित शैक्षणिक दायित्वों के साथ इस अभिनव कार्य में योगदान दे रहे हैं। इसमें रायगढ़ जिले की सेवानिवृत्त व्याख्याता श्रीमती रश्मि वर्मा (शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चक्रधर नगर रायगढ़) ने प्ले लिस्ट में कक्षा 11वीं जीव विज्ञान और कक्षा 12 जीव विज्ञान दो विषयों पर 284 +ऑडियो एंड वीडियो कंटेंट बनाकर सहभागिता दी।
गत 3 सितंबर 2026 को लोकभवन, रायपुर में आयोजित कार्यक्रम में राज्यपाल रामेन डेका एवं गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स की छत्तीसगढ़ हेड डॉ. सोनल राजेश शर्मा ने टीम को सम्मानित किया। ऑडियो बुक्स के माध्यम से दृष्टिबाधित विद्यार्थियों को अध्ययन सामग्री सहज रूप से उपलब्ध हो रही है, वहीं सामान्य विद्यार्थी भी सुनकर सीखने की आधुनिक पद्धति का लाभ उठा रहे हैं। यह पहल शिक्षा को अधिक समावेशी, सुलभ और तकनीक-सम्मत बनाने की दिशा में अनुकरणीय प्रयास है।

वर्ल्ड ऑडियो बुक चैनल पर 107 से अधिक प्लेलिस्ट उपलब्ध हैं और इसे अब तक 8 लाख से अधिक बार देखा जा चुका है। टीम का लक्ष्य शीघ्र ही 11,000 ऑडियो बुक्स का लक्ष्य पूर्ण कर प्रत्येक विद्यार्थी तक गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक सामग्री पहुँचाना है।









