अर्धरात्रि 12 बजे धूमधाम से मनेगा भगवान श्रीकृष्ण का दिव्य जन्मोत्सव
रायगढ़ (सृजन न्यूज)। कला और संस्कार धानी नगरी रायगढ़ की आन, बान एवं शान माने जाने वाले प्रख्यात गौरीशंकर मंदिर को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के लिए दुल्हन की तरह सजाया गया है। गौरीशंकर मंदिर प्रांगण में स्वचलित झांकियों के दर्शन लाभ के लिए न केवल छत्तीसगढ़, बल्कि सीमावर्ती ओडिशा, महाराष्ट्र, उत्तरप्रदेश, झारखण्ड और बिहार समेत दीगर राज्यों से भी भक्तों का रेला रायगढ़ में डेरा जमाए हैं। वहीं, मीनाबाजार तथा मेले में उमड़े जनसैलाब को सम्हालने जिला और पुलिस ने की चाक चौबंद व्यवस्था में अपनी पूरी ऊर्जा झोंक रखी है।
भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव को ऐतिहासिक बनाने के लिए पूरा शहर पिछले एक सप्ताह से जुटा है। शहर के सभी कृष्ण मंदिरों को आकर्षक झालरों और रंग-बिरंगी रोशनियों से दुल्हन की तरह सजाया गया है, जिसकी खूबसूरती शाम होते ही देखते ही बन रही है। हर गली-मोहल्ले में कृष्ण जन्माष्टमी की धूम है।
75 वर्षों का साक्षी है गौरीशंकर मंदिर का झूला उत्सव – शहर के मध्य स्थित देश प्रसिद्ध गौरीशंकर मंदिर का श्रीकृष्ण झूलाउत्सव पूरे देश में प्रसिद्ध है। यहाँ विगत 75 वर्षों से जन्माष्टमी महापर्व को यादगार ढंग से मनाया जा रहा है। इस वर्ष भी ट्रस्ट के सदस्यों ने पूरे मंदिर को मनभावन झालरों और फूलों से भव्य रूप से सजाया है। जिसकी शोभा देखते ही बन रही है।

भक्तों का मन मोह रही स्वचलित झांकियां – मंदिर परिसर में भगवान शंकर, गणेश, हनुमान, कृष्ण लीला, भगवान राम प्रसंग, भगवान शिव माता पार्वती की गणेश परिक्रमा और कार्तिक की विश्व परिक्रमा सहित सनातन धर्म के अनेक देवी-देवताओं की मनोहारी झांकियां लगाई गई हैं, जिसे देखकर श्रद्धालु मुग्ध हो रहे हैं और परिवार के साथ सेल्फी भी ले रहे हैं। सुबह से रात तक छत्तीसगढ़ सहित अन्य राज्यों से हजारों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं।

सुरक्षा व्यवस्था से अपडेट – सुरक्षा और व्यवस्था के लिए महिलाओं व पुरुषों के लिए अलग-अलग बैरिकेट्स, सीसीटीवी कैमरे, पुलिस व ट्रैफिक विभाग के जवानों की तैनाती की गई है। बनोरा आश्रम के औघड़ संत बाबा प्रियदर्शी राम बीते दिवस पूजन-अर्चन कर झूला उत्सव का शुभारंभ कर चुके हैं।

मंदिर के बाहर लगा भव्य मेला – गौरीशंकर मंदिर के बाहर हर वर्ष की तरह इस बार भी भव्य मेला लगा है। श्रद्धालु दर्शन के बाद स्टॉलों से खरीदारी कर मेले का आनंद ले रहे हैं। वहीं शहर के विभिन्न स्थानों में सामाजिक संस्थाओं द्वारा दूर-दराज से आए लाखों श्रद्धालुओं के लिए विगत दिवस से अनवरत निःशुल्क महाभंडारा चल रहा है। जहाँ हजारों लोग सुबह से रात तक प्रसाद, नाश्ता और भोजन ग्रहण कर पुण्य के भागी बन रहे हैं। वहीं आज अर्द्धरात्रि 12 बजे भगवान श्रीकृष्ण का दिव्य जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा।









