8 पदकों के साथ खिलाड़ियों ने रचा सफलता का नया अध्याय
रायगढ़, (सृजन न्यूज)। ओपी जिंदल स्कूल, रायगढ़ के प्रतिभाशाली युवा क्रिकेटरों ने अपनी उत्कृष्ट खेल प्रतिभा, अदम्य उत्साह और शानदार टीम भावना का प्रदर्शन करते हुए भुवनेश्वर, खुर्दा (ओडिशा) में आयोजित सीबीएसई क्रिकेट टूर्नामेंट में विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया। प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़, ओडिशा, पश्चिम बंगाल एवं असम की टीमों ने हिस्सा लिया, जहां विभिन्न आयु वर्गों में खिलाड़ियों के बीच रोमांचक एवं प्रतिस्पर्धात्मक मुकाबले देखने को मिले।
प्रतियोगिता के प्रत्येक आयु वर्ग में 4-4 टीमों का गठन किया गया। कड़े मुकाबलों और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच ओपी जिंदल स्कूल के खिलाड़ियों ने अपने तकनीकी कौशल, आत्मविश्वास, अनुशासन, खेल भावना और टीमवर्क का शानदार परिचय दिया। मैदान पर उनके समर्पण और निरंतर प्रयास ने न केवल दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया, बल्कि विद्यालय को गौरव का अवसर भी प्रदान किया। टूर्नामेंट में ओपी जिंदल स्कूल के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 8 पदक अपने नाम किए। 2 स्वर्ण पदक आयुष सिंह, शांभवी सिंह ने, 2 रजत पदक प्रत्युषा साहू, आदित्य चौहान ने एवं 4 कांस्य पदक आर्यन शर्मा, अथर्व साहू, विवान अग्रवाल, अनाइशा कंबोज ने अपने नाम किया ।
प्राचार्य ने खिलाड़ियों का बढ़ाया हौसला
इस शानदार उपलब्धि पर प्राचार्य आरके त्रिवेदी ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा, हमारे युवा खिलाड़ियों द्वारा सीबीएसई क्रिकेट टूर्नामेंट में 8 पदक जीतना पूरे ओपी जिंदल स्कूल परिवार के लिए अत्यंत गर्व और प्रसन्नता का विषय है। यह सफलता केवल पदकों तक सीमित नहीं है, बल्कि हमारे विद्यार्थियों के अनुशासन, कठिन परिश्रम, आत्मविश्वास और टीम भावना का प्रमाण है। खेल विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, धैर्य और चुनौतियों का सामना करने का साहस विकसित करता है। मुझे विश्वास है कि हमारे खिलाड़ी इसी समर्पण तथा खेल भावना के साथ भविष्य में भी नई ऊंचाइयों को छुएंगे और विद्यालय एवं क्षेत्र का नाम रोशन करेंगे।
मेहनत, अभ्यास और मार्गदर्शन बना सफलता का आधार
इन खिलाड़ियों की सफलता के पीछे उनकी निरंतर मेहनत, नियमित अभ्यास, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण के साथ विद्यालय के स्पोर्ट्स विभाग एवं प्रशिक्षकों का निरंतर मार्गदर्शन और सहयोग महत्वपूर्ण रहा। खिलाड़ियों ने पूरे टूर्नामेंट के दौरान उत्कृष्ट खेल भावना का परिचय देते हुए यह साबित किया कि प्रतिभा को सही दिशा, निरंतर अभ्यास और प्रोत्साहन मिले तो सफलता निश्चित रूप से हासिल की जा सकती है। विद्यालय प्रबंधन एवं स्पोर्ट्स विभाग ने सभी पदक विजेता खिलाड़ियों के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने वाले प्रतिभागी खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बधाई दी।








