यौमे आजादी के मौके पर सुन्नी मक्का मस्जिद में शान से लहराया तिरंगा

by SUNIL NAMDEO
0 comments

देशभक्ति, भाईचारे और एकता का पैगाम देते हुए जूटमिल में पूरे सम्मान के साथ हुआ ध्वजारोहण

रायगढ़ (सृजन न्यूज)। 15 अगस्त यानी यौमे आज़ादी के मुबारक मौक़े पर सुन्नी मक्का मस्जिद जूटमिल में देशभक्ति, भाईचारे और एकता का पैगाम देते हुए पूरे सम्मान के साथ तिरंगा झंडा फहराया गया। मस्जिद परिसर में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें मस्जिद से जुड़े लोगों, बच्चों एवं स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।

rl
previous arrow
next arrow

        कार्यक्रम में सुन्नी मक्का मस्जिद जूटमिल के इमाम रक़ीबुद्दीन साहब ने पूरे सम्मान के साथ तिरंगा झंडा फहराया। तिरंगा फहराए जाने के बाद मौजूद लोगों ने देश की एकता, अखंडता और आपसी भाईचारे को मजबूत बनाए रखने का संकल्प लिया। मस्जिद के सदर वसीम खान ने यौमे आज़ादी के मुबारक मौक़े पर जिले एवं प्रदेश वासियो को दिली मुबारकबाद पेश करते हुए कहा कि आज़ादी हमें अपने मुल्क की एकता, भाईचारे और आपसी मोहब्बत को हमेशा मजबूत बनाए रखने का संदेश देती है। हिंदुस्तान की पहचान उसकी गंगा-जमुनी तहज़ीब और अनेकता में एकता से है। अलग-अलग मज़हब, ज़बान और संस्कृति के लोग मिल-जुलकर रहते आए हैं और यही आपसी भाईचारा हमारे मुल्क की सबसे बड़ी ताकत है। हमें मोहब्बत, इंसानियत और भाईचारे का पैगाम आगे बढ़ाते हुए देश की तरक़्क़ी में अपना योगदान देना चाहिए।

balaji
previous arrow
next arrow

बच्चों में बांटी गई चॉकलेट और मिठाई

तिरंगा फहराने के बाद कार्यक्रम में शामिल बच्चों के बीच चॉकलेट और मिठाई का वितरण किया गया। बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ आज़ादी के इस मुबारक दिन को मनाया। बच्चों के चेहरों पर खुशी और उत्साह देखकर कार्यक्रम का माहौल और भी खुशनुमा हो गया। इस दौरान बच्चों को देश की आज़ादी, तिरंगे की अहमियत और देश के प्रति सम्मान के बारे में भी बताया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य नई पीढ़ी में देशभक्ति, आपसी भाईचारे और सामाजिक एकता की भावना को मजबूत करना रहा।

मुल्क की सलामती और अमन-चैन के लिए हुई ख़ास दुआ

झंडारोहण और बच्चों में मिठाई एवं चॉकलेट वितरण के बाद मुल्क की सलामती, अमन-चैन, खुशहाली और तरक़्क़ी के लिए ख़ास दुआ की गई। दुआ में हिंदुस्तान को हर तरह की परेशानी और मुसीबत से महफूज़ रखने, देश में आपसी मोहब्बत और भाईचारा कायम रखने तथा सभी नागरिकों के बीच एकता और सौहार्द बनाए रखने की दुआ मांगी गई। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने तिरंगे को सलामी देते हुए देश की एकता और अखंडता को बनाए रखने का संकल्प लिया। पूरे कार्यक्रम में देशभक्ति, आपसी भाईचारे और सौहार्द का खुशनुमा माहौल देखने को मिला।

मोहब्बत का दिया पैगाम

सुन्नी मक्का मस्जिद जूटमिल की ओर से यौमे आज़ादी के इस मुबारक मौक़े पर देशवासियों को दिली मुबारकबाद पेश की गई और यह संदेश दिया गया कि हम सब मिलकर अपने प्यारे मुल्क हिंदुस्तान को अमन, मोहब्बत, भाईचारे और तरक़्क़ी के रास्ते पर आगे बढ़ाएं। कार्यक्रम से मुख्य रूप से ईश मोहम्मद, मोहम्मद सत्तार अंसारी, शेख जुम्मन, हाजी मुबीन, मंजूर आलम, नौशाद आलम, इदरीश हसन, गुलज़ार अहमद, अशरफ खान, इमरान खान, शब्बीर खान, फिरोज आलम, सलीम खान एवं मस्जिद के नमाज़ी मौजूद रहे।

Related Posts