





















रायगढ़ (सृजन न्यूज)। ओपी जिंदल विद्यालय तराईमाल में शनिवार को 80वां स्वतंत्रता दिवस राष्ट्रीय उल्लास एवं गौरव के साथ मनाया गया। यह पर्व देश की एकता और अखंडता का प्रतीक बना। विद्यालय परिसर देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत रहा और ‘भारत माता की जय’ के उद्घोष से गुंजायमान रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के नायक और नायिका के नेतृत्व में विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत परेड से हुआ। नलवा स्टील एंड पावर लिमिटेड तथा नलवा स्पेशल स्टील लिमिटेड के निदेशक एवं मुख्य अतिथि डॉ. एसएस राठी के आगमन पर प्राचार्या अलका गोडबोले ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। शिक्षकों ने मुख्य अतिथि और प्राचार्या को प्रतीक चिन्ह एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया। समारोह विद्यालय परिसर एवं प्रशासनिक भवन दोनों स्थानों पर आयोजित किया गया। मंच संचालन कक्षा 12वीं के छात्र पीयूष दर्शन और छात्रा शान्वी सिंह ने किया।
विद्यालय परिसर में कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण मुख्य अतिथि द्वारा ध्वजारोहण एवं उपस्थित जनसमूह द्वारा राष्ट्रगान का सामूहिक गायन रहा। विद्यालय के नन्हें विद्यार्थियों ने विशेष भूमिका निभाई। विभिन्न स्वतंत्रता सेनानियों की वेशभूषा में सजे नन्हें विद्यार्थियों ने सभी का मन मोह लिया। प्राचार्या अलका गोडबोले ने अपने उद्बोधन में स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए राष्ट्रध्वज के सम्मान एवं राष्ट्रीय प्रगति पर बल दिया। मुख्य अतिथि डॉ. एसएस राठी ने अपने प्रेरणादायक उद्बोधन में स्वतंत्रता दिवस के ऐतिहासिक महत्त्व को रेखांकित करते हुए स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के त्याग एवं बलिदान को स्मरण किया। उन्होंने विद्यार्थियों से राष्ट्रहित में समर्पण एवं कर्तव्यनिष्ठा का आव्हान किया।
प्रशासनिक भवन में ध्वजारोहण, राष्ट्रगान एवं नलवा कंपनी के सुरक्षाकर्मियों द्वारा राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे को सलामी देते हुए परेड प्रस्तुत की गई। कार्यक्रम के प्रारंभ में विद्यार्थियों द्वारा देशभक्ति गीत “रणभेरी बज उठी वीरवर, मिट्टी के बेटे”, देशभक्ति गीत पर आधारित सामूहिक नृत्य एवं शास्त्रीय नृत्य प्रस्तुत किए गए, जिसने राष्ट्रीय गौरव की भावना को पुष्ट किया। इसके उपरांत कक्षा नवमी की छात्रा कनिष्का पारस ने अंग्रेजी में, कक्षा दसवीं की छात्रा भेषज पटेल ने हिंदी में तथा एमएन मिरुना ने तमिल भाषा में भाषण प्रस्तुत किए। इन भाषणों ने देश की भाषाई एवं सांस्कृतिक विविधता को दर्शाया। विद्यालय में आयोजित खेल, वेशभूषा एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में विजेता रहे विद्यार्थियों को मुख्य अतिथि एवं प्राचार्या द्वारा प्रशस्ति पत्र एवं पदक प्रदान कर सम्मानित किया गया।

बालिका वर्ग क्रिकेट में तिलक सदन विजेता एवं भगत सदन उपविजेता रहा। ज्योति बंसल को श्रृंखला की सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी घोषित किया गया। बालक वर्ग क्रिकेट में भगत सदन विजेता एवं सुभाष सदन उपविजेता रहा। निखिल पटेल को श्रृंखला का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया।
वेशभूषा प्रतियोगिता में नर्सरी वर्ग में प्रांशी सिंह प्रथम, इशिका शर्मा द्वितीय एवं शौर्य रावत तृतीय स्थान पर रहे। एलकेजी वर्ग में मोनिश पटेल प्रथम, दिव्यांश बेहरा द्वितीय तथा वाशु खंगर तृतीय स्थान पर रहे। यूकेजी वर्ग में लक्ष्य कोशले प्रथम, लक्षिता कोशले द्वितीय एवं तोषी वर्मा तृतीय स्थान पर रहे। सीबीएसई सुदूर पूर्व क्षेत्र हॉकी प्रतियोगिता 2026-27 के अंतर्गत आयोजक ओ.पी. जिंदल विद्यालय रायगढ़ में विद्यालय की आयु वर्ग-19 बालक टीम ने रजत पदक एवं आयु वर्ग-14 बालक टीम ने कांस्य पदक अर्जित किया।







