छग शासन की निःशुल्क सरस्वती साईकिल योजना से छात्राओं को शिक्षा ग्रहण करने में मिल रहा सहयोग

रायगढ़ (सृजन न्यूज)। छत्तीसगढ़ शासन की निःशुल्क सरस्वती साईकिल योजना अंतर्गत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जामगांव के 9वीं में अध्ययनरत 54 नवप्रवेशी छात्राओं को निःशुल्क साईकिल का वितरण किया गया।
शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष मुरारी लाल अग्रवाल, कोलाईबहाल जामगांव के सरपंच राजकुमार किसान एवं एसएमसी सदस्य आनंद अग्रवाल के आतिथ्य में हुए इस साईकिल वितरण समारोह में छात्राएं साईकिल पाकर खुश नज़र आईं। छात्राओं ने अतिथियों से चर्चा करते हुए कहा कि दूरस्थ गांवों से पैदल आने में उन्हें कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था , अब साईकिल के माध्यम से वे आसानी से आना जाना कर सकेंगी।
मुरारी अग्रवाल ने इस अवसर पर बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि जामगांव स्कूल में दूरस्थ गांव कोयलंगा, मनुआपाली, छुहीपाली, कुकुर्दा की बच्चियाँ पढ़ने आती हैं। उन्हें आने और जाने के लिए वाहन की सख्त जरूरत रहती है। शासन से निःशुल्क साईकिल मिलने से उनकी मुश्किलें कम होंगी और वे आसानी से पढ़ लिखकर जीवन में आगे बढ़ेंगी। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य एवं शिक्षक स्टॉफ की भी मौजूदगी रही।







