पुरानी रंजिश में डिप्टी रेंजर को कुचलकर मार डाला, मुल्जिम गिरफ्तार

by SUNIL NAMDEO
0 comment
img-20260221-wa01799122518692518146593.jpg
previous arrow
next arrow

रायगढ़ (सृजन न्यूज)। डिप्टी रेंजर की सड़क हादसे में डिप्टी रेंजर की संदिग्ध मौत का पर्दाफाश हो चुका है। दरअसल, पुरानी रंजिश से बौखलाए शख्स ने बोलेरो वाहन से डिप्टी रेंजर को कुचलकर मार डाला और हत्याकांड को हादसे का रूप देने की कोशिशें की। बहरहाल, 24 घंटे में असलियत सामने आने पर पुलिस ने असल मुल्जिम को धरदबोचते हुए मामले का पटाक्षेप कर दिया है।

16 मई के दोपहर करीब 3 बजे धरमजयगढ़ मेन रो कृषि उपज मंडी के पास एक अज्ञात बोलेरो वाहन की चपेट में आने से हीरो ग्लैमर बाइक में सवार सहायक वन परिक्षेत्र अधिकारी (Deputy Ranger) संजय तिवारी पिता गोकुल प्रसाद तिवारी (53 वर्ष) निवासी काष्टागर फॉरेस्ट कॉलोनी धरमजयगढ़ को गंभीर चोंटे आयी थी, जिन्हें सिविल अस्पताल धरमजयगढ़ में भर्ती कराया गया तो डॉक्टर ने उन्हें मृत बताया। थाना धरमजयगढ़ में मर्ग पश्चात अज्ञात आरोपी के विरुद्ध धारा 304 ए आईपीसी के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। विवेचना दरम्यान प्रत्यक्षदर्शी गवाहों एवं सीसीटीवी फुटेज से अज्ञात बोलेरो वाहन का पता लगाया गया, जिसमें बोलेरो क्रमांक CG 13 UE 0377 द्वारा घटना कारित करने के साक्ष्य मिले। पुलिस टीम तत्काल ग्राम बेहरापारा में दबिश देकर वाहन के चालक आरोपी बसंत कुमार यादव को हिरासत में लिया गया। आरोपित बसंत कुमार यादव का पूर्व से मृतक संजय तिवारी से रंजिश थी।

          एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी द्वारा धरमजयगढ़ पुलिस सभी पहलुओं पर बारीकी से जांच का निर्देश दिया गया। जांच अधिकारी द्वारा आरोपी बसंत यादव से वैज्ञानिक तरीकों से पूछताछ करने पर आरोपी ने पुरानी रंजिश पर संजय तिवारी को बोलेरो वाहन से कुचल कर हत्या करना बताया। आरोपी बसंत कुमार यादव पिता बालमुकुंद यादव (50 साल) निवासी बेहरा पारा धरमजयगढ़ ने अपने मेमोरेंडम बयान पर बताया कि उसकी पूर्व से संजय तिवारी से झगड़ा विवाद चला आ रहा था। वह संजय तिवारी की हत्या की साजिश रचकर मौका की तलाश पर था। बीते 16 मई की दोपहर बसंत यादव बोलेरो वाहन CG 13 UE 0377 से नागदरहा जा रहा था। उसी समय उसने मोटरसाइकिल हीरो ग्लैमर पर संजय तिवारी को धरमजयगढ़ की ओर से आते देखा, तब इसने बोलेरो को मोड़कर संजय तिवारी का पीछा किया और कृषि उपज मंडी के पास संजय तिवारी के बाइक को बोलेरो वाहन से ठोकर मारा जिससे संजय तिवारी रोड में गिर गया। इसने वाहन के साइड ग्लास से संजय को देखा जिसे ज्यादा चोंटे नहीं आई थी, तब बसंत यादव ने गाड़ी को बैक कर संजय तिवारी के गाड़ी के पीछे से ठोंकर मारा जिससे संजय तिवारी के सिर, माथे में गंभीर चोटें आई और आरोपी फरार हो गया।

        पुलिस ने प्रकरण में धारा 304 ए आईपीसी हटाकर आरोपी द्वारा हत्या कारित करना पाए जाने पर धारा 302 आईपीसी विस्तारित कर घटना में प्रयुक्त बोलेरो वाहन एवं वाहन के दस्तावेज जप्त किए गए हैं। आरोपी को हत्या के अपराध में गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के सतत पर्यवेक्षण में हत्या के मामले का 24 घंटे के भीतर पटाक्षेप में चौकी प्रभारी रैरूमाखुर्द उप निरीक्षक मनीष कांत, सहायक उप निरीक्षक डेविड टोप्पो, अमृत मिंज, आरक्षक संतलाल पटेल और विजय राठिया की विशेष भूमिका रही है।

You may also like

Leave a Comment