वार्ड समिति की संयुक्त बैठक में विकास कार्यों से जुड़े 3 अहम प्रस्ताव को मिली हरी झंडी

by SUNIL NAMDEO
0 comments

रायगढ़ (सृजन न्यूज)। रायगढ़ के नगर निगम सभाकक्ष में आज वार्ड समिति क्रमांक 1और 2 की संयुक्त बैठक में शहर के अधोसंरचना विकास एवं सामुदायिक सुविधाओं से संबंधित विभिन्न प्रस्तावों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। बैठक में प्रस्तुत तीनों प्रस्ताव बहुमत से पारित किए गए।
          वार्ड समिति क्रमांक 1 की बैठक में प्रथम प्रस्ताव अंतर्गत वार्ड क्रमांक 8 रामपुर तिराहे के पास अधोसंरचना विकास एवं पर्यावरण उपकर निधि से लगभग 90 लाख रुपए की लागत से सामुदायिक भवन निर्माण कार्य की स्वीकृत के संबंध में प्रस्ताव प्रस्तुत किया गया। बैठक में बताया गया कि प्रस्तावित स्थल वन मंडल के क्षेत्राधिकार में होने के कारण चयनित स्थल की मांग हेतु नियमानुसार प्रस्ताव समिति के समक्ष विचारार्थ रखा गया, जिसे बहुमत से पारित किया गया। इसी प्रकार वार्ड समिति क्रमांक 1 में द्वितीय प्रस्ताव अंतर्गत विधायक मद से वार्ड क्रमांक 8 अंतर्गत डीजीएमएस ऑफिस के समीप बड़े रामपुर मुख्य मार्ग पर लगभग 25 लाख रुपए की लागत से सामुदायिक भवन निर्माण कार्य के लिए प्रस्ताव रखा गया। प्रस्तावित स्थल वन मंडल क्षेत्राधिकार में होने के कारण आवश्यक प्रक्रिया के तहत स्थल मांग प्रस्ताव समिति के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जिसे सदस्यों द्वारा बहुमत से स्वीकृति प्रदान की गई।

balaj
previous arrow
next arrow

  वहीं वार्ड समिति क्रमांक 2 की बैठक में प्रस्तुत प्रस्ताव के तहत वार्ड क्रमांक 47 ग्राम विजयपुर में सड़क चौड़ीकरण कार्य से प्रभावित वन भूमि के संबंध में चर्चा की गई। बैठक में बताया गया कि वन अधिकार अधिनियम 2006 की धारा 3 (2) के तहत कार्य किया जाना प्रस्तावित है। उक्त प्रस्ताव को भी समिति द्वारा बहुमत से पारित किया गया। बैठक के दौरान वार्ड समिति क्रमांक 1 के अध्यक्ष एवं सभापति डिग्रीलाल साहू तथा वार्ड समिति क्रमांक 2 के अध्यक्ष पार्षद आशीष ताम्रकार ने कहा कि प्रस्तावों के पारित होने से शहर के विकास को सकारात्मक दिशा मिलेगी। उन्होंने कहा कि सामुदायिक भवन एवं सड़क अधोसंरचना से जुड़े कार्यों के आगे बढ़ने से नागरिक सुविधाओं का विस्तार होगा तथा संबंधित क्षेत्रों के लोगों को सीधा लाभ प्राप्त होगा।

ideal
previous arrow
next arrow

    महापौर जीवर्धन चौहान ने भी बैठक में पारित प्रस्तावों का स्वागत करते हुए कहा कि नगर निगम शहर के समग्र विकास एवं जनसुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े विकास कार्यों को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक अधोसंरचना एवं सामुदायिक सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रस्तावों के क्रियान्वयन से शहर के विकास को और गति मिलेगी। बैठक में वार्ड समिति के पार्षद, मनोनीत सदस्यगण अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Posts