नन्हें खिलाड़ियों को कोच राजा गोरख सीखा रहे क्रिकेट के गुरभेद
रायगढ़ (सृजन न्यूज)। नटवर क्रिकेट अकादमी के समर कैम्प का 15 मई को विधिवत शुभारंभ हुआ। रायगढ़ के नटवर स्कूल मैदान में कोच राजा गोरख नन्हें खिलाड़ियों को क्रिकेट का गुरभेद सिखाते हुए मैदान में दम दिखाने का प्रशिक्षण दे रहे हैं।
बॉक्स क्रिकेट बना नौनिहालों का अड्डा
शहर के नटवर स्कूल मैदान स्थित बॉक्स क्रिकेट अब नौनिहालों का पसंदीदा अड्डा बनने लगा है, क्योंकि वहां फ्री समर कैम्प में उन्हें बॉलिंग से लेकर बैटिंग का मौका जो मिलेगा। दरअसल, कोच राजा गोरख की पहल से नटवर क्रिकेट अकादमी द्वारा 15 मई से 25 मई तक निःशुल्क समर कैंप का आयोजन किया गया है। इस समर कैंप में बच्चों को क्रिकेट के विशेष गुण और तकनीक से लेकर बेहतरीन प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
बच्चों में दिखा जज्बा और जुनून
फ्री समर कैम्प के पहले दिन नटवर स्कूल मैदान के क्रिकेट बॉक्स में करीब दो दर्जन बच्चों ने रुचि दिखाई। कोच राजा गोरख ने क्रिकेट के प्रति दीवानगी रखने वाले बच्चों को ट्रेनिंग की पहली शाम रनिंग, कैचिंग और फील्डिंग की बारीकियां सिखाई। क्रिकेटर बनने का सपना संजोए बच्चों में भी मैदान बैटिंग और बॉलिंग करने का जज्बा व जुनून भी दिखा। नन्हें बच्चों में विराज साहू और सृजन नामदेव ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि कोच राजा गोरख के सानिध्य में उन्हें पहले दिन मैदान में पसीना बहाते हुए खूब मजा आया। बॉल को सही तरीके से पकड़ने के साथ फील्डिंग के तौर तरीके सीखने का मौका भी मिला, जो यादगार रहेगा।
भविष्य में निकलेंगे बेहतरीन खिलाड़ी
बहरहाल, नटवर क्रिकेट अकादमी के फ्री समर कैम्प में राजा गोरख 10 रोज तक शाम 4 से 6 बजे तक क्रिकेट के प्रति जुनून रखने वाले बच्चों को जिस तरह सरलता से प्रशिक्षण दे रहे हैं, उससे अब यह लगने लगा कि भविष्य में रायगढ़ से अच्छे खिलाड़ी निकलकर मैदान में अपना दम जरूर दिखाएंगे।








