रायगढ़ (सृजन न्यूज)। छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत कर्मचारी जनता यूनियन रायगढ़ द्वारा कर्मचारी हित में 1 मई से 7 मई तक चलाए जा रहे प्रदेशव्यापी अभियान के तहत वित्तमंत्री और रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी को 4 सूत्रीय मांग पत्र सौंपते हुए सकारात्मक कार्रवाई की पुरजोर वकालत भी की।
बीते 7 मई को जनता यूनियन ने वित्तमंत्री ओपी चौधरी से मिलकर न केवल अपनी बातों को रखा, बल्कि 4 सूत्रीय मांगपत्र भी दिया। मांगपत्र में पुरानी पेंशन बहाली करने, संविदा कर्मचारियों के नियमितीकरण, विभाग में नई भर्तियों को चालू करना, आउटसोर्स के कर्मचारियों को समान कार्य का समान वेतन भुगतान करने जैसे विभिन्न ज्वलंत मुद्दों को शामिल किया गया है।
सौंपने के दौरान जनता यूनियन के प्रांतीय सचिव रितेश कुमार नागेश, प्रांतीय कार्यकारिणी सदस्य आलोक चौरसिया, संदीप भारती, सुमन चौहान, नयमी टोप्पो प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।








