Home रायगढ़ न्यूज संकुल चांदमारी में समर कैम्प की धूम

संकुल चांदमारी में समर कैम्प की धूम

by SUNIL NAMDEO EDITOR

रायगढ़ (सृजन न्यूज़)। छत्तीसगढ़ शासन स्कूल शिक्षा विभाग, कार्यालय कलेक्टर द्वारा प्रसारित आदेश के परिपालन में एवं संकुल प्राचार्य दीप्ति अग्रवाल के कुशल एवं प्रभावी मार्गदर्शन में संकुल चांदमारी में समर कैम्प का आयोजन किया जा रहा है। समर कैम्प के षष्ठम् दिवस में गणितीय कौशल के विकास हेतु टेबल रीडिंग 1 से 20 तक, वर्ग, वर्गमूल, घन, घनमूल का सतत अभ्यास कराया गया।

            रेन वाटर हार्वेस्टिंग के बारे में जानकारी देते हुए बच्चों को बताया गया कि वर्षा जल संचयन से जल की मांग न केवल कम हो जाती है, अपितु जल और ऊर्जा का भी संरक्षण होता है, साथ ही भूजल की गुणवत्ता और मात्रा में सुधार होता है। यही वजह है कि जल संरक्षण करने हेतु संकल्प लिया गया। डिजिटल पेमेंट के बारे में प्रत्यक्ष एवं व्यावहारिक रूप से जानकारी देते हुए यह भी बताया गया कि पेमेंट ऑनलाइन मोड के माध्यम से किस प्रकार से किया जाता है। हम यूपीआई, मोबाईल वॉलेट या अपनी पसंद के किसी समान विकल्प का उपयोग सावधानी पूर्वक करते हुए किस प्रकार से डिजिटल पेमेंट कर सकते हैं।

     आज का प्रमुख आकर्षण सांस्कृतिक कार्यक्रम अंतर्गत नृत्य और गायन रहा। इसमें बच्चों ने अपनी प्रतिभा दिखाई, जिसको सभी ने सराहा व प्रशंसा की। समर कैम्प में ठंडा पानी, चाकलेट, बिस्किट की व्यवस्था की गई। आज के समर कैम्प का कार्यक्रम शासकीय प्राथमिक शाला भूपदेव व जगतपुर के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ।

          कार्यक्रम को रोचक एवं सफल बनाने हेतु कार्यक्रम की समीक्षा राजेश डनसेना प्रभारी प्राचार्य शासकीय हाई स्कूल केवड़ाबाड़ी व डॉ. मनीषा त्रिपाठी प्रधान पाठक शासकीय रविशंकर प्राथमिक शाला रायगढ़ द्वारा की जा रही है। आज के समर कैम्प में 3 पालक, 14 शिक्षक और 21 बच्चे शामिल हुए।

You may also like