रायगढ़ (सृजन न्यूज)। शादी समारोह में मिले अजनबी युवक से इंस्टाग्राम में दोस्ती करना एक नाबालिग बाला को महंगा पड़ा। दरअसल, सोशल मीडिया के अजनबी फ्रेंड एक रोज ब्याह रचाने का झांसा देते हुए मारुति स्विफ्ट कार से किशोरी को झांसी ले गया और उसकी आबरू लूट ली। बहरहाल लव, सेक्स और धोखा की शिकार नाबालिग बाला की फरियाद पर रायगढ़ पुलिस ने झांसी जाकर कुकर्मी को धरदबोचा है।

दरअसल, बालिका ने के परिजन 29 जनवरी को घरघोड़ा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि रोजाना की तरह वह 29 जनवरी की सुबह स्कूल जाने घर से निकली जरूर, मगर देर शाम तक वापस नहीं लौटी। ऐसे में फिक्रमंद परिजनों को शंका हुई कि उनकी लाडली को अज्ञात व्यक्ति बहला फुसला कर ले गया है। प्रार्थिया की रिपोर्ट पर गुम इंसान और धारा 137(2) बीएनएस कायम कर विवेचना में लिया गया।
थाना प्रभारी घरघोड़ा निरीक्षक कुमार गौरव साहू के नेतृत्व में गुम बालिका की लगातार पतासाजी की जा रही थी। उसके परिजनों, घर आसपास रहने वाली सहेलियों, सहपाठियों से पूछताछ के क्रम को आगे बढ़ाते हुए तहकीकात जारी थी। इस दौयान बालिका के झांसी में होने की भनक लगी। फिर क्या, एसएसपी शशिमोहन सिंह के निर्देशन पर तत्काल पुलिस टीम मध्यप्रदेश रवाना हुई और बालिका की पतासाजी में जुट गई। बालिका नवाबाद जिला झांसी में संदेही युवक गोविंद ओगरे के कब्जे में मिली जिसे वापस लाया गया । बालिका का महिला पुलिस अधिकारी से कथन और मेडिकल कराया गया।

बालिका ने बताया कि मई 2025 में एक शादी समारोह में गोविंद ओगरे घरघोड़ा से इसकी जान पहचान हुई, तब से दोनों एक-दूसरे से इंस्टाग्राम पर बातचीत करते थे। गोविंद ओगरे इससे प्रेम प्रसंग की बातें करता और 29 जनवरी को शादी करने का दावा करते हुए कहकर बहला फुसलाकर स्वीफ्ट कार से झांसी ले गया तथा शारीरिक संबंध स्थापित किया। बालिका के बयान मेडिकल अनुसार प्रकरण में धारा 87,64(1) बीएनएस विस्तारित की गई। आरोपी गोविंद ओगरे पिता स्व. रामकुमार ओगरे (27 वर्ष) सा. वार्ड क्र. 2 ब्लॉक कॉलोनी घरघोड़ा को विधिवत् पूछताछ कर मेमोरंडम लिया गया। घटना में प्रयुक्त एक सफेद रंग का मारूति स्वीफ्ट कार क्र. सीजी-13-ए.वाय.-8596 तथा एक वनप्लस कंपनी का मोबाईल को जप्त किया गया। आरोपित को उसके कृत्य पर आज गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
