बेरोजगारी और महंगाई सरकार की सबसे बड़ी उपलब्धि – सचिन पायलट

by SUNIL NAMDEO
0 comment
img-20260221-wa01799122518692518146593.jpg
previous arrow
next arrow

सारंगढ़ (सृजन न्यूज)। सारंगढ़ में रायगढ़ लोकसभा प्रत्याशी डॉक्टर मेनका देवी सिंह के पक्ष में कांग्रेस की सेना के पायलट ने जमकर हुंकार भरी। नगर के जवाहिर भवन मैदान में कांग्रेसी दिग्गज नेता सचिन पायलट छग प्रभारी, उमेश पटेल विधायक खरसिया, उत्तरी गनपत जांगड़े विधायक, जिला कांग्रेस अध्यक्ष अरुण मालाकार, लोकसभा प्रत्याशी श्रीमती मेनका देवी सिंह ने आम जनता को संबोधित किया तो अतिथियों के पूर्व वक्ता आलोक चंद्राकर, सूरज तिवारी, गोल्डी नायक, गोपाल बाघे भी जवाहिर भवन मैदान में आमसभा को सुनने उमड़े जनसैलाब के बीच जमकर गरजे। सचिन पायलट को सुनने ग्रामीण और युवाओं की भीड़ पूरे जोश से लबरेज नजर आई।

                       जिले के प्रभारी आलोक चंद्राकर ने कहा कि कांग्रेस जो कहती है वह करती है और भाजपा जो वादा करती है उसे भूल जाती है। यह बड़ा अंतर है भाजपा और कांग्रेस में। कांग्रेस महिलाओं, युवाओं, किसानों, मजदूरों और गरीबों की सरकार है तो भाजपा अडानी, अंबानी, व्यापारियों, उद्योगपतियों की सरकार है। आप अपने और आने वाले पीढ़ी के भविष्य के लिए सोच समझकर मतदान करें कांग्रेस के पंजा छाप के निशान में दो नंबर का बटन दबाए और मेनका देवी को जीताये। जिला प्रवक्ता गोपाल बाघे ने कहा कि राज परिवार से सारंगढ़ की बेटी, एक आदिवासी शिक्षित महिला को कांग्रेस ने टिकट दिया। सारंगढ़ को बसाने से लेकर संवारने तक सारंगढ़ की विरासत को संजोए रखने, उनके परिवार का अहम योगदान रहा। उनके परिवार से मुख्यमंत्री, मंत्री और सांसद रहे और क्षेत्र की जनता के लिए उस समय की स्थिति के अनुसार अनेकों विकास कार्य किया। चाहे वह पुल, डैम, भवन, स्टेडियम, सड़क जैसे कई अनगिनत विकास कार्य शामिल हैं। आज फिर लंबे समय के बाद इस परिवार को हमें मतदान करने का अवसर मिला है। हमें अपने स्थानीय प्रत्याशी डॉक्टर मेनका देवी सिंह को ज्यादा से ज्यादा मतों से विजय दिलानी है। सूरज तिवारी ने कहा कि मोदी है तो मुमकिन है। हां मुमकिन है विपक्ष के नेताओं को जेल में डालना मुमकिन है, गरीबों को कुचलना मुमकिन है, किसानों के विरोध में तीन कानून लाना मुमकिन है, नोटबंदी करना मुमकिन है। कांग्रेस 55 साल सत्ता में रही कभी किसी का मंगलसूत्र छीना क्या ? छत्तीसगढ़ में सरकार परिवर्तन होते ही बिजली की क्या स्थिति है आप देख लो गांव में कटौती चल रही है, भाजपा के लिए कहूंगा कि कमल का फूल बिजली गुल और अब नहीं करेंगे कोई भूल। जिलाध्यक्ष अरुण मालाकार ने अपने उद्बोधन में कहा कि हमने मनरेगा की स्कीम लाई, हम खाद्य सुरक्षा अधिनियम लेकर आए और यह मोदी कहते हैं कि  80 करोड़ लोगों को 5 किलो मुफ्त राशन दे रहे हैं। हमने तो 35 किलो राशन मुफ्त दिया। सुनने में आया है कि मोदी सरकार इस चुनाव के बाद राशन को 5 किलो करने वाली है। अब महिलाओं के विकास के लिए महालक्ष्मी न्याय योजना के तहत प्रत्येक महिलाओं को 8533 रुपए प्रति माह एवं मनरेगा में कार्य करने वाले मजदूरों को₹400 प्रतिदिन का भुगतान करेंगे। युवाओं को नौकरी महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए 50% का आरक्षण देने की घोषणा घोषणा पत्र में कांग्रेस ने लाया है। विधायक श्रीमती उत्तरी जांगड़े ने अपने उद्बोधन में कहा कि  जैसे आपने मुझे आशीर्वाद दिया है, वैसे ही आशीर्वाद कांग्रेस प्रत्याशी डॉ. मेनका देवी सिंह को दीजिए। सारंगढ़ को जिले की सौगात देने वाले कांग्रेस पर आप भरोसा करें। रायगढ़ लोकसभा क्षेत्र छग की महत्वपूर्ण लोकसभा क्षेत्र है।  औद्योगिक क्षेत्र के साथ ही यह आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र है। इस क्षेत्र में विकास की रफ्तार जनता के मूलभूत आवश्यकताओं की पूर्ति के साथ, प्राकृतिक संसाधनों, संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण और संबोधन पर कार्य करने की आवश्यकता है जो हमारे सांसद प्रत्याशी मेनका देवी सिंह करेंगी।

                      डॉ. मेनका देवी सिंह ने रायगढ़ लोकसभा क्षेत्र के लिए घोषणा पत्र का सचिन पायलट, उमेश पटेल विधायक और मंचासीनों ने विमोचन किया और इसे जन-जन तक पहुंचाने की अपील की। डॉ. मेनका देवी ने कहा कि सारंगढ़, सरिया, जशपुर क्षेत्र में रेल लाइन विकसित करेंगे। जिले की जरूरत को पूरा करने के लिए एक हवाई अड्डा बनवाएंगे, सारंगढ़ के हरदी हवाई पट्टी को छत्तीसगढ़ के लिए एयर एंबुलेंस सेवा का केंद्र बनायेंगे, जशपुर और सारंगढ़ जिले में मेडिकल कॉलेज एवं सौ बिस्तर वाले अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त अस्पताल का निर्माण करवाएंगे, सारंगढ़ जिले में नवोदय विद्यालय बनवाएंगे, सारंगढ़ जिले में वन्य जीव और सांस्कृतिक ऐतिहासिक व धार्मिक स्थलों के ईको पर्यटक, रोजगार व आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देंगे। उन्होंने यह भी कहा कि विगत 25 वर्षों से रायगढ़ लोकसभा से भाजपा के प्रत्याशी चुनकर दिल्ली जा रहे हैं लेकिन इस क्षेत्र की जनता बुनियादी सुविधाओं के लिए तरस रही है। इस बार जनता से अपना मन बना लिया है और हमें पूरा विश्वास है कि कांग्रेस पार्टी को अपना आशीर्वाद जनता देगी। सड़क से लेकर सदन तक मैं जनता की आवाज बनूंगी और हमेशा आपके बीच रहूंगी। जनसभा में आक्रामक तेवर दिखाते हुए उमेश पटेल ने कहा कि भाजपा जो 400 पार का नारा लगा रही है, वह संविधान और आरक्षण बदलने की मंशा से लगा रही है। जिस संविधान को बाबा भीमराव अंबेडकर और डॉ राजेंद्र प्रसाद ने मिलकर बनाया, उनकी उस व्यवस्था को नष्ट करना चाहती है भाजपा । उन्होंने दावा किया कि अगर केंद्र में फिर से एनडीए की सरकार बनी तो 2029 में देश से पूरी तरह से लोकतंत्र खत्म हो जाएगा। जनता का मताधिकार भी समाप्त हो जाएगी। राज्य सरकार पर पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार की जनहितैषी कार्य योजनाओं को समाप्त करने का आरोप राज्य सरकार पर लगाएं। पूरे देश में केंद्रीय जांच एजेंसी का दबाव बना कर दल बदल का खेल खेला जा रहा है, जो दबाव में नहीं आ रहे हैं उन्हें झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की तरह जेल में बंद कर दिया जा रहा है और जो नेता दल बदल कर भाजपा में शामिल हो रहे हैं उनका नाम इस केस से हटा कर उन्हें ईमानदारी का तमंगा दे रही हैं । प्रधानमंत्री पर निशाना चाहते हुए उमेश पटेल ने कहा कि – मोदी ने 10 साल के कार्यकाल में सिर्फ बेरोजगारी , महंगाई , नोटबंदी और लॉकडाउन ही दिया है। केंद्र में कांग्रेस की सरकार आने पर स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट को लागू कर किसानों का कर्ज माफ किया जाएगा । नारी न्याय योजना के तहत गरीब वर्ग की महिलाओं को ₹1 लाख प्रति वर्ष दिया जाएगा। 25 लाख रुपए तक के निशुल्क इलाज की सुविधा दी जाएगी । 30 लाख युवाओं को नौकरी दी जाएगी ।

                 हनन छत्तीसगढ़ कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट ने कहा कि  देश में 10 साल से एक ही पार्टी और एक ही व्यक्ति का राज चल रहा है। बेरोजगारी महंगाई इस मौजूदा सरकार की सबसे बड़ी उपलब्धि है। धर्म, जात, पात के नाम पर भाजपा ने देश में अराजकता का माहौल पैदा कर दिया। अब देश को ऐसी सरकार की जरूरत है जो गांव, गरीब, मजदूर, किसान, महिला, बेरोजगार युवाओं के हितों में काम करें और यह सिर्फ कांग्रेस ही कर सकती है। कांग्रेस विकास की बात करती है, जनता के हितों की काम करती है। भाजपा ने देश में हर वस्तु के दाम बढ़ाए महंगाई आसमान छूने लगी। गरीब महंगाई रोजगार को लेकर चिंतित है। बाजार में ₹500 सब्जी खरीदने लेकर जाओ तो आधा थैला सब्जी आता है। गैस सिलेंडर पेट्रोल राशन की कीमत बढ़ रही है और उसका पैसा ज्यादा टैक्स और जीएसटी लगाकर आपसे और हमसे वसूला जा रहा है। पायलट ने आगे कहा कि मोदी जी ने दो करोड़ लोगों को रोजगार देने की बात कही थी वह नहीं हुआ। किसानों का उत्पादन दोगुना करने की बात कही थी वह तो हो नहीं पाया, बल्कि कृषि के काम में आने वाले सामानों पर जीएसटी और लगा दिया। ऐसे में कांग्रेस ने पांच न्याय की बात कही है जिसके अनुसार आम आदमी को महंगाई व बेरोजगारी से लड़ने की ताकत मिलेगी। इस न्याय योजना के तहत जहां महिलाओं को प्रतिवर्ष 1 लाख रुपए देंगे तो, वहीं मनरेगा के मजदूरों की रोजी बढ़ाने एवं शहरी क्षेत्र में रोजगार बढ़ाने का काम करेंगे। इसके अलावा किसान की आय में भी बढ़ोतरी होगी। कांग्रेस सत्ता में आई तो कृषि के सामानों पर लग रही जीएसटी हटाएंगे, देश में केई सरकारी संसाधनों में वैकेंसी है, 30 लाख युवाओं को नौकरी देंगे। मोदी और शाह कहते हैं कि हमने लाखों लोगों को नौकरी दी क्या आपको नौकरी मिली अगर नहीं मिली तो क्या मोदी जी झूठ बोल रहे हैं । किसानों की आमदनी बढ़ाने का काम करने का वादा मोदी ने किया था लेकिन आमदनी बढ़ाई ही नहीं वह झूठों के सरदार हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा के लोग संविधान बदलना चाहते हैं। हम संविधान नहीं बदलने देंगे भाजपा ने अडानी और अंबानी के कर्ज माफ किए हैं किसानों के नहीं।

                       मंच का सफल संचालन प्रखर वक्ता गोल्डी नायक व आभार प्रदर्शन अरुण मालाकार जिलाध्यक्ष ने किया। मंच में गोल्डी नायक में शहीद नंदकुमार पटेल की प्रतिमा सचिन पायलट जी को भेंट की। मंच पर विद्यावती सिदार विधायक लैलूंगा, विजय जांगीड़ सह प्रभारी छग, कमला देवी सिंह पूर्व मंत्री, श्रीमती पदमा मनहर पूर्व विधायक, प्रकाश नायक पूर्व विधायक, आलोक चंद्राकर जिला प्रभारी, डॉक्टर परिवेश मिश्रा, गणपत जांगड़े, संजय दुबे, पुरुषोत्तम साहू, ताराचंद पटेल, पवन अग्रवाल, सुनीता विष्णु चंद्र, श्रीमती सोनी अजय बंजारे नपा अध्यक्ष, श्रीमती अनिका विनोद भारद्वाज जिपं सभापति, श्रीमती मंजूलता आनंद, कुलिशा मिश्रा, श्रीमती सरिता गोपाल, सरिता मल्होत्रा, अजय बंजारे, चंद्र नेताम, रामनाथ सिदार, विष्णु चंद्र, अनिल अग्रवाल, यतीश गांधी, उस्मान बेग, राजकमल अग्रवाल वरिष्ठ नेता उपस्थित थे। जोन बूथ कमेटी के साथ जनपद सदस्य व पार्षद अपनी पूरी टीम के साथ मोर्चा संभाले। यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष शुभम वाजपेई, जिलाध्यक्ष एनएसयूआई अभिषेक शर्मा, महेंद्र गुप्ता, राजेंद्र वारे, आशीष नंदे, सागर दीवान के अगवाई में सचिन पायलट का नारेबाजी के साथ जमकर अभिवादन हुआ। मीडिया के साथियों ने सचिन पायलट से प्रेस वार्ता की तो वहीं पूरी समय प्रशासन और पुलिस बल सक्रिय नजर आई।

You may also like

Leave a Comment