डीपीएस में यादगार रहस्य मातृ-पितृ दिवस
जशपुरनगर (सृजन न्यूज)। यहां के देव पब्लिक स्कूल एवं डीपीएस प्राइमरी बालाजी में मातृ-पितृ दिवस शनिवार को अत्यंत श्रद्धा, उत्साह और भावनात्मक वातावरण में मनाया गया। इस विशेष अवसर पर नर्सरी से लेकर कक्षा पाँचवीं तक के विद्यार्थियों ने अपने माता-पिता के सम्मान में रंगारंग सांस्कृतिक एवं मनोरंजक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। विद्यालय प्रांगण को सुंदर सजावट से आकर्षक रूप दिया गया था, जिससे वातावरण में उत्सव की छटा बिखर रही थी।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना से हुआ। नन्हे-मुन्ने बच्चों ने स्वागत गीत के माध्यम से अभिभावकों का अभिनंदन किया। इसके पश्चात विभिन्न कक्षाओं के विद्यार्थियों ने समूह नृत्य, एकल नृत्य, कविता पाठ, लघु नाटक और भावनात्मक संवाद प्रस्तुत किया। बच्चों की मासूम अभिव्यक्ति और आत्मविश्वास से भरी प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया। विशेष रूप से “माँ की ममता” और “पिता का संघर्ष” पर आधारित नाट्य प्रस्तुति ने उपस्थित जनसमूह की आँखें नम कर दीं।
नर्सरी और केजी के बच्चों द्वारा प्रस्तुत नृत्य ने कार्यक्रम में आकर्षण का केंद्र बना दिया। छोटे-छोटे कदमों और मधुर मुस्कान के साथ बच्चों ने यह संदेश दिया कि माता-पिता हमारे जीवन की सबसे बड़ी शक्ति हैं। कक्षा पहली से पाँचवीं तक के विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीतों और पारिवारिक मूल्यों पर आधारित प्रस्तुतियों के माध्यम से संस्कारों का सुंदर चित्रण किया।
कार्यक्रम के दौरान अभिभावकों के लिए भी मनोरंजक खेल एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें उन्होंने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विजेताओं को स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। डीपीएस प्राइमरी के बच्चों ने अपने स्पीच द्वारा अपनी भावना व्यक्त किया साथ ही अभिभावकों ने कार्यक्रम का जमकर सराहना किया और कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज को नई दिशा देंगे ।
सभी माता-पिता का आभार
विद्यालय के मैंनेजिंग डायरेक्टर ओमप्रकाश सिन्हा ने सभी माता-पिता के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास में माता-पिता और शिक्षकों की साझी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। प्राचार्य आशीष डेगवेकर ने अपने उद्बोधन में कहा कि मातृ-पितृ दिवस केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि अपने माता-पिता के प्रति सम्मान, कृतज्ञता और प्रेम व्यक्त करने का अवसर है। उन्होंने विद्यार्थियों को सदैव अपने माता-पिता के आदर्शों पर चलने की प्रेरणा दी।
बच्चों ने लिया आशीर्वाद
कार्यक्रम के अंत में बच्चों ने सामूहिक रूप से अपने माता-पिता के चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लिया, जिससे वातावरण भावुक और श्रद्धामय हो उठा। अभिभावकों ने विद्यालय की इस सराहनीय पहल की प्रशंसा की और बच्चों की प्रतिभा देखकर गर्व महसूस किया।
पारिवारिक मूल्यों का सम्मान
डीपीएस प्राइमरी बालाजी में प्राचार्य जयंती सिन्हा ने कहा कि मातृ-पितृ दिवस प्रेम, सम्मान और पारिवारिक मूल्यों का जीवंत उदाहरण है यह आयोजन बच्चों के हृदय में मधुर स्मृतियाँ बनकर हमेशा रहेगा यह प्रयास विद्यालय परिवार द्वारा किया गया है ।कार्यक्रम में मेनेजिंग डायरेक्टर ओमप्रकाश सिन्हा, डायरेक्टर सुनीता सिन्हा, प्राचार्य आशीष डेगवेकर, प्राचार्य जयंती सिन्हा, उप एकेडमिक प्राचार्य मालविका डेगवेकर, उप प्राचार्य एरिक सोरेंग सहित सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद थे।
