किसानों ने सड़क चौड़ीकरण में अधिग्रहित भूमि के बदले मुआवजा राशि दिलाने की कलेक्टर से लगाई गुहार

by SUNIL NAMDEO
0 comment
img-20260221-wa01799122518692518146593.jpg
previous arrow
next arrow

रायगढ़ (सृजन न्यूज)। जिला प्रशासन द्वारा प्रत्येक सोमवार को आयोजित होने वाले जनदर्शन में आज शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे आमजनों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया। कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में अपर कलेक्टर रवि राही ने कलेक्ट्रेट परिसर में आमजनों से मुलाकात की। जनदर्शन में प्राप्त प्रत्येक आवेदन का बारीकी से अवलोकन करते हुए अपर कलेक्टर श्री राही ने आवेदकों की समस्याओं, मांगों और शिकायतों को सुना। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मंशानुरूप जनदर्शन के प्रकरणों को संवेदनशीलता के साथ लिया जाए और उनका समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
   जनदर्शन में ग्राम मुरा निवासी मकरध्वज राणा ने बताया कि वे मिट्टी के उत्पाद बनाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के तहत प्रशिक्षण प्राप्त किया है और अपने व्यवसाय को बढ़ाने के लिए ऋण स्वीकृत कराने की मांग की। अपर कलेक्टर ने उद्योग विभाग को बैंक को ऋण प्रकरण भेजने हेतु त्वरित कार्यवाही करने के निर्देश दिए। ग्राम पंचायत सिहा के सरपंच ने गांव में पेयजल हेतु बोर खनन के लिए राशि की मांग की। इस पर लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए। ग्राम छपोरा के काशीराम डनसेना ने अपने मिसल रिकॉर्ड की सत्यापित प्रति की मांग की।

     ग्राम बड़ेगांव के किसानों ने सड़क चौड़ीकरण में अधिग्रहित भूमि के एवज में मुआवजा राशि दिलाने की गुहार लगाई। ग्राम तरेकेला की शीतल सारथी ने शासकीय योजनाओं के तहत सहायता राशि दिलाने का निवेदन किया। इसके अतिरिक्त जनदर्शन में मिडिल स्कूल के बाउंड्री वॉल की मरम्मत, पीएम आवास योजना का लाभ, व्हीलचेयर और बीपीएल राशन कार्ड बनाने जैसे विभिन्न आवेदन प्रस्तुत किए गए। अपर कलेक्टर श्री राही ने सभी आवेदकों को आश्वस्त किया कि प्राप्त आवेदनों पर नियमानुसार जांच उपरांत आवश्यक कार्यवाही की जाएगी। इस दौरान संबंधित विभाग के अधिकारी मौजूद रहे ताकि त्वरित समन्वय स्थापित किया जा सके।

You may also like

Leave a Comment