रायगढ़ (सृजन न्यूज)। भाजपा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अखिलेश सोनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर योग को दुनिया ने जाना और इसे अंतरराष्ट्रीय मान्यता दी। यही वजह है कि योग दिवस को यादगार बनाने मंडल, ग्राम स्तर से जिला मुख्यालय तक कार्यक्रम होंगे। वहीं, रायगढ़ में हाईटेक योग महाविद्यालय के लिए भाजपा प्रयास करेगी।
जिला भाजपा कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में श्री सोनी ने कहा कि 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाता है। योग हमारे प्राचीन भारत की ऐसी विधा है जो शरीर और मन को नियंत्रित करने का माध्यम है। जब 21 जून को पूरी दुनिया योग करती है तो हमें गर्व होता है। वहीं, इसे अंतरराष्ट्रीय मान्यता मिलना भी गौरव का विषय है। स्वामी रामदेव ने योग से लोगों को जोड़ने का सराहनीय कार्य किया। भाजपा भी 21 जून को योग दिवस को यादगार माना रही है। बीमारी और दवा से मुक्त जीवन जीना ही भाजपा का लक्ष्य है।
वहीं, श्री सोनी से जब पूछा गया कि एक जमाने मे रायगढ़ में शिव दर्शन योग महाविद्यालय होता था, जो अब नहीं है तो क्या भाजपा यहां के लोगों को सर्वसुविधा युक्त योग महाविद्यालय की सौगात देगी। भाजपा नेता अखिलेश सोनी ने इसका जवाब देते हुए कहा कि रायगढ़ में हाईटेक योग महाविद्यालय की बहुप्रतीक्षित मांग पर भाजपा विचार करते हुए कारगर निर्णय भी लेगी।
पत्रवार्ता के दौरान जिला भाजपा अध्यक्ष अरुणधर दीवान, सभापति डिग्रीलाल साहू, विवेक रंजन सिन्हा, सुभाष पांडेय, श्रीमती शीला तिवारी, अरुण कातोरे, विलिस गुप्ता, सनत नायक, प्रवीण द्विवेदी, ओंकार तिवारी भी प्रमुख रूप से उपस्थित थे।

