Home छत्तीसगढ़ मुख्य न्यायाधीश की दिवंगत माता कुसुम सिन्हा के शांति हवन और शोक सभा में विष्णुदेव हुए शामिल

मुख्य न्यायाधीश की दिवंगत माता कुसुम सिन्हा के शांति हवन और शोक सभा में विष्णुदेव हुए शामिल

by SUNIL NAMDEO

रायगढ़/बिलासपुर (सृजन न्यूज)। छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय बिलासपुर के मुख्य न्यायाधीश रमेश सिन्हा की माताजी स्वर्गीया श्रीमती कुसुम सिन्हा (10 जुलाई 1942–15 फरवरी 2026) की पुण्य स्मृति में उनकी आत्मा की शांति हेतु गरिमामय शांति हवन एवं शोक सभा का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम आज सायं 5 से 6:30 बजे तक मुख्य न्यायाधीश के शासकीय आवास, उच्च न्यायालय आवासीय परिसर बोदरी, बिलासपुर में संपन्न हुआ।
                                  कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार के साथ शांति हवन से हुआ। भजन संध्या के बाद आयोजित शोक सभा में उपस्थित समस्त गणमान्य जनों ने दो मिनट का मौन धारण कर दिवंगत आत्मा को अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर स्व. श्रीमती कुसुम सिन्हा के आदर्श जीवन और उनके सादगीपूर्ण व्यक्तित्व पर प्रकाश डाला गया। वक्ताओं ने उनके द्वारा दिए गए संस्कारों और पारिवारिक मूल्यों का स्मरण करते हुए कहा कि उनके स्नेह, मार्गदर्शन एवं आशीर्वाद ने सदैव जीवन में कर्तव्यनिष्ठा, सत्यनिष्ठा एवं सेवा भाव की प्रेरणा दी। माताजी की स्मृतियाँ और उनके द्वारा दिखाए गए मार्ग सदैव आने वाली पीढ़ियों के लिए शक्ति एवं प्रेरणा का स्रोत बने रहेंगे।
            शोक सभा में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, केन्द्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू और विधि मंत्री गजेंद्र यादव उपस्थित रहे। इसके साथ ही पूर्व राज्यपाल रमेश बैस, विधायक सुशांत शुक्ला, महाधिवक्ता और पुलिस महानिदेशक भी कार्यक्रम में शामिल हुए। श्रद्धांजलि सभा में उच्च न्यायालय के समस्त न्यायाधीशगण, रजिस्ट्रार जनरल, उच्च न्यायालय अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष एवं सचिव, वरिष्ठ अधिवक्तागण, रजिस्ट्री के अधिकारी, छत्तीसगढ़ राज्य न्यायिक अकादमी व विधिक सेवा प्राधिकरण के न्यायिक अधिकारी, जिला न्यायपालिका के सदस्य, अधिवक्तागण और उच्च न्यायालय के कर्मचारी सहित बड़ी संख्या में अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

You may also like