Home क्राईम न्यूज जंगल से खैर की बेशकीमती लकड़ी काटकर सहसपुरी में होता है डम्प

जंगल से खैर की बेशकीमती लकड़ी काटकर सहसपुरी में होता है डम्प

by SUNIL NAMDEO

रायगढ़ और चाम्पा को केंद्र बनाकर पंजाब-हरियाणा में ऊंचे दामों पर तस्करी का हुआ खुलासा

रायगढ़ (सृजन न्यूज)। जिला प्रशासन के निर्देश पर रायगढ़ वन विभाग ने खैर लकड़ी की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतर्राज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है।

   16 फरवरी को मुखबिर से मिली पुख्ता सूचना के बाद रायगढ़ वन मंडलाधिकारी के मार्गदर्शन पर उप वनमण्डलाधिकारी और उड़नदस्ते की टीम ने दबिश दी, तस्करों में हड़कंप मच गया और वे लकड़ी से लदा ट्रक लेकर भागने लगे। वन विभाग की सतर्कता के चलते चंद्रपुर मार्ग पर घेराबंदी कर ट्रक (क्रमांक सीजी – 06 2022) को पकड़ लिया गया। गिरोह के सदस्यों की मदद से चालक एक बार फरार होने में सफल रहा। बाद में छानबीन के दौरान उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में तस्करी के पूरे नेटवर्क का खुलासा हुआ।

        आरोपी चालक और उसके साथी मेलाराम ने बताया कि गिरोह आसपास के जंगलों से खैर की बेशकीमती लकड़ी काटकर सहसपुरी में डंप करता था। इसके बाद लकड़ी को चांपा स्थित मनीष अग्रवाल के एक गुप्त गोदाम में भेजा जाता था। रात लगभग एक बजे रायगढ़ की टीम ने तस्करों का पीछा करते हुए चांपा के अकलतरा भांटा क्षेत्र में संयुक्त छापेमारी की। चांपा वन विभाग के सहयोग से की गई इस कार्रवाई में भारी मात्रा में खैर की लकड़ी बरामद की गई। जांच में यह भी सामने आया है कि गिरोह के तार अन्य राज्यों से जुड़े हुए हैं। रायगढ़ और चांपा को केंद्र बनाकर तस्कर लकड़ी को ऊंचे दामों पर पंजाब और हरियाणा जैसे राज्यों में खपाते थे।

                          इस पूरे ऑपरेशन में उप वन मण्डल अधिकारी तन्मय कौशिक, वन परिक्षेत्र अधिकारी संजय लकड़ा और उड़नदस्ता प्रभारी संदीप नामदेव की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वन विभाग ने आम जनता से अपील की है कि यदि जिले में कहीं अवैध वन अपराध की घटना हो तो मोबाइल नंबर 99263-21401 एवं टोल फ्री नंबर 1800-233-2631 पर संपर्क कर अवश्य जानकारी दें।

You may also like