Home राजनीतिक जनजाति समाज को जशपुर में ही मिल सकेगी बेहतर चिकित्सा सुविधा : विष्णुदेव साय

जनजाति समाज को जशपुर में ही मिल सकेगी बेहतर चिकित्सा सुविधा : विष्णुदेव साय

by SUNIL NAMDEO

मुख्यमंत्री ने कहा – कल्याण आश्रम का जनजाति सेवा और संरक्षण में अमूल्य योगदान

जशपुरनगर (सृजन न्यूज)। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पत्थलगांव विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम दोकड़ा में अखिल भारतीय वनवासी कल्याण आश्रम द्वारा आयोजित कार्यक्रम में आज शामिल होकर विकास की बड़ी सौगात दी। उन्होंने करीब 1 करोड़ 75 लाख रुपये की लागत से होने वाले 6 विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इसमें 95 लाख की लागत से दोकड़ा में अखिल भारतीय वनवासी कल्याण आश्रम के चिकित्सालय भवन, 10 -10 लाख रुपए के दो आरसीसी पुलिया, 20 – 20 लाख रुपए दो सामुदायिक भवन एवं 20 लाख रुपए की लागत के स्वागत द्वार निर्माण कार्य शामिल हैं। 

               मुख्यमंत्री साय ने कहा कि इन कार्यों से दोकड़ा गांव सहित क्षेत्र के लोगों को भी लाभ होगा। अस्पताल के निर्माण होने से स्थानीय स्तर पर ही लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेगी। लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं के लिए दूर जाना नहीं पड़ेगा। दोकड़ा में वनवासी कल्याण आश्रम की शुरुआत वर्ष 1986 में एक छोटे से अस्पताल प्रकल्प के रूप में हुई थी। उस समय सीमित संसाधनों और पुराने भवन में कार्य प्रारंभ किया गया, लेकिन आश्रम से जुड़े सेवाभावी कार्यकर्ताओं ने तन, मन, धन से जुड़कर क्षेत्र के लोगों की सेवा की और स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज हुए भूमिपूजन से बड़े और सुसज्जित अस्पताल भवन के निर्माण से इस अंचल में स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा मिलेगी और जनजातीय समाज को अपने ही क्षेत्र में बेहतर उपचार उपलब्ध हो सकेगा।

                        उन्होंने कहा कि वनवासी कल्याण आश्रम का नेटवर्क पूरे देश में फैला हुआ है। आश्रम का उद्देश्य केवल सेवा करना नहीं, बल्कि जनजातीय समाज की धर्म-संस्कृति और परंपराओं की रक्षा करते हुए उनके सर्वांगीण विकास को गति देना है। इस संस्था ने जहां-जहां कार्य किया है, वहाँ समाज में सकारात्मक परिवर्तन दिखाई देता है। छ्ग के रजत जयंती वर्ष की नागरिकों को बधाई देते हुए उन्होंने कहा कि सरकार मोदी की गारंटी के अनुरूप सभी विकास कार्यों को समयबद्ध रूप से पूर्ण कर रही है। फरसाबहार में मदर एंड चाइल्ड हॉस्पिटल का निर्माण होगा। इसी प्रकार नर्सिंग कॉलेज और फिजियोथेरेपी कॉलेज की भी स्थापना होगी ताकि युवाओं को स्थानीय स्तर पर उच्च शिक्षा एवं रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे और उन्हें बाहर जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।

                  सीएम ने यह भी कहा कि सरकार द्वारा बगिया सिंचाई योजना प्रारंभ की जा रही है, जिससे 14 ग्रामों को सीधा लाभ मिलेगा। इसके अतिरिक्त प्रदेश में सिंचाई परियोजनाओं की मरम्मत एवं जीर्णोद्धार के लिए 2800 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं, जिससे किसानों को पर्याप्त सिंचाई सुविधा सुनिश्चित होगी।

You may also like