रायगढ़ (सृजन न्यूज़)। शहर के शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी स्टेडियम में 3 से 13 जनवरी तक आयोजित 11 दिवसीय क्षेत्रीय सरस मेला में रायगढ़ जिले सहित छत्तीसगढ़ के अन्य जिलों तथा अन्य राज्यों के स्व सहायता समूहों द्वारा निर्मित लगभग 224 स्टालों में आयोजित हस्तशिल्प उत्पादों की प्रदर्शनी सह विक्रय के अवलोकन का लाभ अंचल की जनता को मिला। इसके साथ ही प्रतिदिन रायगढ़ जिले के समूहों, विहान की दीदियों का विभिन्न प्रकार के खेलकूद और सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ ही रायगढ़ अंचल की कला संस्थाओं एवं स्कूल कॉलेज के छात्र-छात्राओं के विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए, जो आकर्षण का केन्द्र रहे।
इन कार्यक्रमों के बीच रूद्र कला केन्द्र, रायगढ़ की संचालिका श्रीमती दीक्षा घोष के निर्देशन में उनके शिष्य और शिष्याओं द्वारा भरतनाट्यम एवं सेमी क्लासिकल नृत्य की विभिन्न प्रस्तुतियां दी गईं। प्रस्तुति देने वाले कलाकारों में, अनिका प्रजापति, सुहानी थावेद, प्रीथा श्रीवास्तव, अग्रिम चौहान, निष्ठा खांडेकर, दिव्यांशी दास, कुंजल पटेल, जेसिका पटेल, हर्षिका देशमुख, अभीका देवांगन, वैष्णवी प्रियदर्शनी, परी शर्मा, तन्वी सिंह, मनोसिम दास, निशिका सिंह चौहान, बणी रतिया, जोया खान शामिल रहे।
इस आकर्षक और मनभावन कार्यक्रम की उपस्थित हजारों दर्शकों ने मुक्तकंठ से प्रशंसा करते हुए तालियों की गड़गड़ाहट के साथ कलाकारों का उत्साहवर्धन किया, साथ ही क्षेत्रीय सरस मेला आयोजन समिति द्वारा आयोजित सभी कार्यक्रमों को क्षेत्र की जनता के लिए मनोरंजक, ज्ञानवर्धक और महत्वपूर्ण बताते हुए प्रशंसा भी की।




