रायगढ़ (सृजन न्यूज)। शहर के कोतरा रोड पुलिस ने ग्राम गोर्रा में छापा मारते हुए जुआरियों की महफिल से 4 खिलाड़ियों को रंगे हाथों धरदबोचा है। यही नहीं, पुलिस ने 4 जुआरियों के फड़ से 6,600 रुपए और ताश पत्ती भी बरामद किया है।
पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल के निर्देशन पर जुआ-सट्टा को प्रतिबंधित करने सभी थानाक्षेत्र अंतर्गत थाना प्रभारीगण मुखबीर लगाकर कार्यवाही की जा रही है। इसी कड़ी में कल शाम थाना प्रभारी कोतरारोड निरीक्षक श्रीनाथ त्रिपाठी को मुखबिर से मिली जुआ की सूचना पर पुलिस द्वारा ग्राम गोर्रा में जुआ रेड कार्यवाही की गई ।
पुलिस टीम द्वारा ग्राम गोर्रा आम रोड में ताश पत्ती पर हार जीत का दांव लगाकर जुआ खेल रहे 4 जुआरी मोहपाल कुर्रे पिता फागु कुर्रे निवासी गोर्रा, धनुर्जय चौहान पिता फागुलाल चौहान निवासी जोरापाली, भुनेश्वर साहू पिता संतराम साहू निवासी कौवालाल और कैलाश श्रीवास पिता कृष्णचंद्र श्रीवास निवासी गोर्रा थाना कोतरारोड को घेराबंदी कर पकड़ा गया। उनके पास और फड़ से जुमला रकम 6,600 रुपए व 52 पत्ती ताश, एक प्लास्टिक बोरी भी जब्त किया गया है।
जुआरियों के कृत्य पर थाना कोतरारोड़ में धारा 3(2) छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिरोध अधिनियम 2022 के अंतर्गत कार्यवाही कर आरोपियों को न्यायालय पेश किया गया। जुआ रेड कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतरारोड श्रीनाथ त्रिपाठी के हमराह एएसआई हेमसागर पटेल, डीपी चौहान, आरक्षक चंद्रेश पांडेय, शिवा प्रधान और प्रवीण राज शामिल रहे।




