विष्णुदेव ने किया रोड शो, कहा – चाय वाले जीवर्धन को दीजिए वोट

by SUNIL NAMDEO
0 comment
img-20260221-wa01799122518692518146593.jpg
previous arrow
next arrow

मुख्यमंत्री साय बोले – डबल इंजन की सरकार के बाद जनता बनाएं ट्रिपल इंजन की सरकार

रायगढ़ (सृजन न्यूज)। शहर के सत्तीगुड़ी चौक से प्रारम्भ रोड शो में सूबे के मुखिया विष्णुदेव साय, वित्त मंत्री ओपी चौधरी, महापौर प्रत्याशी जीवर्धन चौहान, जिला भाजपाध्यक्ष अरुणधर दीवान, सांसद राधेश्याम राठिया शामिल हुए। खुली जीप में सवार इन नेताओं के हाथ जोड़कर रायगढ़ की जनता से अपील करते हुए महापौर प्रत्याशी जीवर्धन चौहान एवं वार्ड के भाजपा पार्षदों को भारी मतों से जीताने की अपील की।

      वार्ड नंबर 19 में स्थित रामनिवास टॉकीज चौक पहुंचते ही खुली जीप में सवार मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने माइक थामा और जनता को संबोधित करते हुए कहा कि रोड शो में आए सभी नगर वासियों का मै आभारी हूं। बीस सालों तक सांसद बनाए रखने के लिए जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि महापौर प्रत्याशी जीवर्धन एवं वार्ड नंबर 19 के भाजपा प्रत्याशी सुरेश गोयल को मैं व्यक्तिगत रूप से जानता हूं। दोनों ने मेरे साथ पार्टी के लिए अपना पसीना बहाया है। उन्होंने वार्ड और शहर की जनता से महापौर सहित भाजपा पार्षदों को जिताने की अपील करते हुए कहा कि आपके प्रयासों से डबल इंजन की सरकार बनी है। एक साल में आप सभी ने इसका असर देखा। अब ट्रिपल इंजन की सरकार बनाए और विकास की चिंता हम कर छोड़ दीजिए। रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी प्रदेश के काबिल वित्त मंत्री हैं। उनके पास विकास के विजन के साथ कार्य की क्षमता है।

                  रोड शो सत्तीगुड़ी चौक से प्रारम्भ हुआ। खुली जीप पर सवार नेताओं पर रास्ते भर जनता फूलों की वर्षा करती रही। जगह स्वागत द्वार सजाए गए थे। दुल्हन की भांति सजे शहर का पूरा माहौल भाजपा मय हो गया। सत्तीगुड़ी चौक से रोड के आरंभ होते ही घड़ी चौक में बने मंच में वरिष्ठ भाजपा नेता सुभाष पांडेय, वार्ड नंबर 18 से निर्विरोध निर्वाचित पार्षद पूनम पटेल सोलंकी, वार्ड नंबर 16 के पार्षद प्रत्याशी अशोक यादव, वार्ड नंबर 14 की पार्षद प्रत्याशी दीपमाला बबलू गुप्ता, वार्ड नंबर 5 की पार्षद प्रत्याशी सुमित्रा खुलु सारथी, वार्ड नंबर 4 के पार्षद प्रत्याशी मनोहर कौशिक, वार्ड नंबर 15 के पार्षद प्रत्याशी अंशु टुटेजा ने कार्यकताओं के साथ लाडले नेताओं का भव्य स्वागत किया। रोड शो के आगे कर्मा नाचा मंडली चल रही थी।

            घड़ी चौक के बाद रैली वार्ड नंबर 18 स्थित हंडी चौक पहुंची। यहां वरिष्ठ भाजपा नेता गौतम अग्रवाल के साथ पार्षद प्रत्याशी अयूब अली, अफरोज डायमंड ने जीप में सवार नेताओं पर फूलों की वर्षा की। अफरोज डायमंड के समर्थकों द्वारा दीयों से सजी थाल से आरती की है। सिटी कोतवाली के समीप स्वागत हेतु खड़े वरिष्ठ अधिवक्ता बाबूलाल अग्रवाल से गुलदस्ता लेकर मुख्यमंत्री साय ने महाराजा अग्रसेन का गमछा स्वीकार करते हुए पहना और साथ खड़े वित्त मंत्री ओपी चौधरी, महापौर प्रत्याशी जीवर्धन को भी महाराजा अग्रसेन का गमछा उनके गले में डाला। रोड शो का हटरी चौक में भव्य स्वागत किया गया। पतंजलि योग समिति से जुड़े श्रवण अग्रवाल ने योग साधकों के साथ भाजपा नेताओं का माल्यार्पण से भावभीना स्वागत किया।

                               हटरी चौक के बाद रोड शो में शामिल नेताओं का गद्दी चौक में भव्य स्वागत हेतु पूर्व विधायक विजय अग्रवाल समेत उनके समर्थकों ने नेताओं पर पुष्प वर्षा करते हुए जिंदाबाद के नारे लगाए। गुरुद्वारे के सामने सदर बाजार समिति की ओर से स्वागत के दौरान गणमान्य नागरिकों ने अयोध्या स्थित राम मंदिर का प्रतीक चिन्ह सौंपा जिसे मुख्यमंत्री ने सीने से लगाया और अभिभूत हो उठे। सुभाष चौक के वरिष्ठ भाजपा नेता गुरुपाल भल्ला ने रोड शो में शामिल नेताओं का भव्य स्वागत किया। युवा भाजपा नेता अधीश रतेरिया ने भी नेताओं को माला पहनाई। रोड शो में शामिल भीड़ विष्णुदेव साय, जिंदाबाद ओपी चौधरी जिंदाबाद के नारे लगाती रही। रविशंकर शुक्ल मार्केट होते हुए नगर निगम के सामने से होते हुए वार्ड नंबर 19 रामनिवास टॉकीज चौक पहुंची। वहां पार्षद प्रत्याशी सुरेश गोयल ने भव्य स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने जीप से ही आम जनता कार्यकताओं को संबोधित किया।

      रामनिवास टॉकीज चौक स्थित मंच में हिन्दू, मुस्लिम, सिक्ख, ईसाई की एका को बताने के लिए सर्वधर्म के लोग बैठे थे। इस मंच ने बरबस ही सबका ध्यान आकर्षित किया। रामनिवास टॉकीज चौक के बाद शहीद चौक में भाजपा नेता श्रीकांत सोमवार, विवेक रंजन सिन्हा, पार्षद प्रत्याशी पंकज कंकरवाल, कौशलेष मिश्रा, आशीष ताम्रकार ने समर्थकों के साथ भव्य स्वागत किया। इस दौरान महिला मोर्चा केपदाधिकारियों ने गजमाला पहना कर स्वागत किया। रोड शो का यही समापन हुआ। मुख्यमंत्री ने मिनीमाता चौक में पंडित दीनदयाल पार्क में स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके बाद मुख्यमंत्री फुटपाथ स्थित जीवर्धन की चाय टपरी पहुंचे और वहां जीवर्धन का आतिथ्य स्वीकार करते हुए चाय ग्रहण की। रैली में शामिल भाजपा नेताओं में उमेश अग्रवाल, मुकेश जैन, सतीश बेहरा, विकास केडिया, गुरुपाल भल्ला, श्रीकांत सोमावार, संजय अग्रवाल, सुमीत शर्मा, बलबीर शर्मा, शिवशंकर, सतनाम सिंह, आकाश शर्मा, श्रीनू राव, रविंदर भाटिया, अरुण कतोरे, राजेंद्र दीवान प्रमुख रूप से शामिल थे।

साय-ओपी-जीवर्धन के कट आऊट से पटा शहर

मुख्य मार्ग से होकर गुजरने वाले रोड शो का पूरा मार्ग मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, विधायक ओपी एवं महापौर प्रत्याशी जीवर्धन चौहान के कट आऊट से पट गया था। सभी चौक-चौराहे बैनर पोस्टर से भरे हुए थे।

चाय की उफान से कांग्रेस के हौसले पस्त

जीत की बड़ी मार्जिन के लिए भाजपा ने पूरी ताकत झोंक दी। चाय वाले के पॉलिटिकल उफान से कांग्रेस बैकफुट में नजर आ रही है ।महापौर पद के लिए गरीब चाय वाले का चयन कर भाजपा ने सुनिश्चित जीत की ओर कदम बढ़ा दिया। जीवर्धन चौहानके नाम की घोषणा होते ही ओपी ने जीवर्धन का चाय बनाते हुए वीडियो सोशल मंच में साझा किया जिसे 4 लाख लोगों ने देखा। नामांकन के बाद ओपी जीवर्धन की चाय दुकान पहुंचे और चाय बना कर आम जनता की पिलाई। आज सूबे के मुख्यमंत्री साय भी जीवर्धन की टपरी पहुंचे। इसके पहले उप मुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री विजय शर्मा भी जीवर्धन की चाय दुकान पहुंचे।

ओपी के विकास की राजनीति का तोड़ नहीं खोज पाया विपक्ष

चुनाव जीतने के एक साल में ओपी चौधरी नालंदा,ऑक्सी जोन, 72 सड़कों का डामरीकरण, वार्डों के लिए 38 करोड़ के विकास कार्य, तालाब का सौंदर्यीकरण, प्रयास विद्यालय, हार्टिकल्चर कॉलेज, स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, केलो बांध के लिए नहरें, पहाड़ मंदिर को पर्यटन के रूप में विकसित किए जाने का हिसाब देकर  विकास के लिए सार्वजनिक बहस की चुनौती दे रहे हैं जिसका सामना कांग्रेस नहीं कर पा रही।

जूटमिल मंडल ने केले से नेताओं को तौला

जुटमिल मंडल के अध्यक्ष शैलेष माली ने जानकारी देते हुए बताया कि रोड शो के बाद मुख्यमंत्री साय, विधायक ओपी एवं महापौर प्रत्याशी जीवर्धन को अलग-अलग 3 तराजू में ढाई क्विंटल केले से तौला गया। इसे लेकर कार्यकर्ता उत्साहित थे। इसकी जवाबदारी जुटमिल मंडल के पूर्व अध्यक्ष शशिकांत शर्मा, झुग्गी झोपडी प्रकोष्ठ जिला संयोजक दिलराज सिंह, युवा मोर्चा दक्षिण मंडल महामंत्री सुजीत लहरे पर थी।

रतिंद्र राय के यहां पहुंचे सीएम साय

रोड शो समाप्ति के बाद सीएम साय का काफिला छातामुड़ा चौक स्थित पूर्व एल्डरमैंन रतिंद्र राय उर्फ पप्पू के यहां पहुंचा। उनका आतिथ्य स्वीकार कर सीएम साय ने संसदीय कार्यकाल के दौरान पप्पू के साथ बिताए पलों को याद किया। सीएम के पहुंचने पर रतिंद्र भावुक हुए बिना नहीं रह सके।

You may also like

Leave a Comment