छत्तीसगढ़ और ओड़िशा के उत्कल समाज के बीच है रोटी-बेटी का अटूट रिश्ता : विष्णुदेव साय

by SUNIL NAMDEO
0 comment
img-20260221-wa01799122518692518146593.jpg
previous arrow
next arrow

रायगढ़ में उत्कल दिवस और वार्षिक उत्सव स्नेह सम्मेलन में सामाजिक पत्रिका सुविधा का किया विमोचन, रथयात्रा के लिए 5 लाख देने की घोषणा की

रायगढ़ (सृजन न्यूज)। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज रायगढ़ के पंजरी प्लांट स्थित बाबा प्रियदर्शी राम ऑडिटोरियम, पंजरी प्लांट में उत्कल सांस्कृतिक सेवा समिति द्वारा आयोजित ‘उत्कल दिवस एवं वार्षिकोत्सव स्नेह सम्मेलन’ में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ मुख्यमंत्री द्वारा भगवान जगन्नाथ स्वामी की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं ‘वन्दे उत्कल जननी’ के मधुर गायन के साथ हुआ।
    कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि वे यहां अतिथि के रूप में नहीं, बल्कि अपने परिवार के बीच आए हैं। उन्होंने कहा कि रायगढ़ की जनता ने उन्हें 20 वर्षों तक सांसद के रूप में अपना भरपूर आशीर्वाद दिया है और वही स्नेह उन्हें आज भी मिल रहा है। सीएम ने ओडिशा और छत्तीसगढ़ के ऐतिहासिक संबंधों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हमारे बीच ‘रोटी-बेटी’ का अटूट रिश्ता है। उन्होंने कहा कि जशपुर के कुनकुरी से लेकर छत्तीसगढ़ के सीमावर्ती इलाकों तक बड़ी संख्या में लोग उड़िया बोलते हैं। देवभोग-गरियाबंद में आज भी महाप्रसाद के रूप में भात मिलता है और छत्तीसगढ़ के कोने-कोने में रथ यात्रा का आयोजन होता है। यह रिश्ता सदियों पुराना है। उन्होंने रायपुर में निर्मित भव्य जगन्नाथ मंदिर का भी उल्लेख किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने समाज की बहुप्रतीक्षित पत्रिका ‘सुविधा’ का विमोचन किया, जिसमें समाज के रीति-रिवाज, उपलब्धियां और संपर्क नंबर संकलित हैं। समाज की मांग पर उन्होंने जगन्नाथ रथ यात्रा के आयोजन के लिए 5 लाख रुपये देने की घोषणा की तथा मंदिर जीर्णोद्धार और अन्य मांगों पर गंभीरता से विचार करने का आश्वासन दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि धर्मांतरण कराने वालों के विरुद्ध कठोर कानून का बिल पास किया गया है, जिसमें कड़ी सजा और जुर्माने का प्रावधान है। उन्होंने कहा कि इससे अवैध धर्मांतरण पर प्रभावी रोक लगेगी। बस्तर का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केन्द्रीय गृहमंत्री श्री अमित शाह और जवानों के अदम्य में साहस से सरकार ने नक्सलियों के प्रभाव को समाप्त करने में सफलता पाई है और अब वहां नियद नेल्लानार के तहत सड़क, बिजली, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाएं तेजी से पहुंच रही हैं। उन्होंने बताया कि पिछले दो वर्षों में विभिन्न विभागों में 20 से 25 हजार भर्तियां की गई हैं। चयन मंडल का गठन कर पारदर्शी प्रक्रिया अपनाई जा रही है, जिससे युवाओं को बिना किसी भेदभाव के अवसर मिल रहे हैं। पीएससी गड़बड़ी की उच्च स्तरीय जांच कराई गई है और ई-ऑफिस प्रणाली के माध्यम से भ्रष्टाचार पर नियंत्रण स्थापित किया जा रहा है।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने समाज की 8 प्रतिभाओं श्रीतनु गुरु, अजय गुप्ता, डॉ.रोशन कुमार होता, कु. उन्नति मिश्रा, अपूर्वा गुरु, अनन्या गुरु, नंद किशोर सतपथी एवं निशांत नामदेव को उनकी विशेष उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया। कार्यक्रम के समापन पर मुख्यमंत्री को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर झारसुगुड़ा विधायक टंकाधर त्रिपाठी, रायपुर उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा, नगर निगम महापौर  जीवर्धन चौहान, सभापति डिग्रीलाल साहू, जिला पंचायत उपाध्यक्ष दीपक सिदार,  अरूणधर दीवान, गुरूपाल भल्ला, श्रीकांत सोमावार, जगन्नाथ पाणिग्राही, रत्थू गुप्ता, सुभाष पाण्डेय, जिला उत्कल विकास समिति के अध्यक्ष डॉ. प्रकाश मिश्रा सहित समिति के सदस्यगण तथा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं उपस्थित रहे।

You may also like

Leave a Comment